आगरालीक्स…आगरा में शराब से भरी मैक्स पलटी, लूटने के लिए पहुंच गई लोगों की भीड़…
आगरा में आज मंगलवार दोपहर को थाना अंतर्गत रायभा मार्ग पर शराब से भरी मैक्स का पहिया निकल जाने से वो पलट गई. इससे मैक्स में भरी शराब सड़क पर गिर गई. ऐसे में शराब को लूटने के लिए आसपास के लोगों में होड़ मच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला.
जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर से शराब की पेटियां लेकर मैक्स लोडिंग वाहन एक ठेके पर जा रही थी. रायभा और अछनेरा के बीच गाड़ी का एक्सेल अचानक से टूट कर अलग निकल गया. गाड़ी का पहिया पास ही एक खोखे में जा टकराया और दुकानदार बाल बाल बच गया. पहिया निकलने के बाद चालक गाड़ी से अपना नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई. इससे शराब की लदी पेटियां सड़क पर बिखर गईं.
सड़क पर शराब बिखरी देखकर आसपास के लोगों में लूटने की होड़ मच गई. आरोप है कि कई लोग शराब लूटकर ले गए हैं. चालक के भी चोटें आई हैं. परिचालक ने बताया कि चालक में 150 पेटियां लदी थीं जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है.