आगरालीक्स…आगरा में बारिश के लिए रहें तैयार. मौसम विभाग ने तीन दिन बादल छाने और बारिश होने की जताए आसार. पढ़ें मौसम का पूरा अपडेट
आगरा में लगातार धूप निकलने के कारण मौसम सुहाना हो गया है और लोगों को ठंड से काफी हद तक राहत मिली है. दिन में निकल रही तेज धूप से मौसम सामान्य होने लगा है लेकिन मौसम विभाग के अनुसार आगरा में बारिश की संभावना है. हालांकि इसके बावजूद आगरा में तापमान और बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 22 जनवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. 22 और 23 जनवरी को बादल छाएंगे. 23 जनवरी को बारिश भी हो सकती है. इसके अगले दो दिन यानी 24 व 25 जनवरी को भी आगरा में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है. कहीं तेज बारिश भी होने के चांस बन रहे हैं.

इधर पिछले कुछ दिनों की तरह आज भी दिन निकलने के साथ ही सूर्यदेव आसमान में अपनी लालिमा बिखेरने के लिए आ गए. जैसे—जैसे दिन निकलना गया, वैसे—वैसे धूप भी तेज होती गई. इससे लोगों को खासकर बुजुर्गों को ठंड से काफी हद तक राहत मिली है. हालांकि रात का तापमान अभी भी काफी कम है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को आगरा का अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा और ये सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अभी भी कम है.