आगरालीक्स…आगरा में नगर निगम ने पकड़ा प्रतिबंधित पॉलीथिन के कैरी बैग से भरा ट्रक, 367 बोरी जब्त. तीन मार्गों पर हटाया गया अतिक्रमण…
जी 20 के सदस्यों के आगरा आगमन को ध्यान में रखते हुए आज नगर निगम की ओर से पुरानी मंडी चौराहा से लेकर सर्किट हाउस तक लगी हुई अवैध पार्किंग को हटाया गया. कर्नल एके सिंह, प्रभारी प्रवर्तन दल के नेतृत्व में यह कार्यवाही की गई जिसमें सहायक नगर आयुक्त सरिता सिंह, एसडीएम सदर, जेडएसओ अमान शाहिद, पुलिस बल मौजूद रहे. इसके अलावा लाल किले से लेकर बेलनगंज होते हुए जीवनी मंडी चौराहा तक भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया जिसमें 51 ठेल—ढकेलों को हटाया गया. लाल किले के सामने लगी हुई अवैध झोपड़ झुग्गी को आज अभियान के दौरान नहीं हटाया गया क्योंकि इन झोपड़ झुग्गियों के स्थानांतरण के लिए एसडीएम सदर द्वारा किसी अन्य जगह की तलाश की जा रही है. कार्यवाही के दौरान जोन अधिकारी छत्ता जोन विजय कुमार एवं प्रवर्तन दल भी मौजूद रहा.

इसके अलावा उप नगर आयुक्त विकास सैन द्वारा एक ट्रक पकड़ा गया जिसमें 367 बोरी यानी 11010 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन के कैरी बैग पाये गए. इन सभी 367 बोरियों को जब्त कर नगर निगम आगरा के निर्माण स्टोर में जमा कराया गया है.