आगरालीक्स…पति के साथ मायके जा रही थी नवविवाहिता. ज्वैलरी पहने देख पीछे लगे अपाचे सवार बदमाश. रास्ते में रोक ताना तमंचा…
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है. बाइक से पति और छोटे भाई के साथ मायके जा रही एक नवविवाहिता को अपाचे सवार बदमाशों ने रोक लिया. बदमाशों ने सभी पर तमंचा तान दिया और नवविवाहिता और उसके पति से लाखों रुपये के आभूषण लूट ले गए. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है.
यहां का है मामला
नसीरपुर के नगला लोकमन की रहने वाली नीलम अपनी ससुराल से पति दीपक और छोटे भाई के साथ बाइक से मायके लांहगीपुर टूंडला जा रही थी. बाइक उसका पति दीपक चला रहा था. नवविवाहिता आभूषण पहने हुई थी. दीपक जैसे ही स्टेशन रोड से नहर पटरी होते हुए निकला तभी उनके पीछे अपाचे सवार बदमाश लग गए. कुछ दूर जाकर बदमाशों ने ओवरटेक कर इनकी बाइक को रुकवा लिया.

बाइक सवार तीन बदमाशों में से दो उतरे और उन्होंने दीपक पर तमंचा तान दिया. इसके बाद लुटेरों ने उसकी पत्नी नीलम से पहने हुई सभी ज्वैलरी उतरवा ली और दीपक से भी दो अंगूठी उतरवा कर छीन ली. इसके बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए. घटना से घबराए दीपक और नीलम ने किसी तरह इसकी सूचना डॉयल 112 पर दी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. दिनदहाड़े लूट की वारदात को देख आसपास के चौराहों पर चेकिंग शुरू कर दी. पुलिस सीसीटीवी भी देख रही है. पीड़िता नीलम के अनुसार बदमाश उससे चार चूड़ी, एक मंगलसूत्र, एक कॉलर, छह अंगूठी और दो अंगूठी लूट ले गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.