आगरालीक्स…आगरा में किसी का पति दारू पीता था तो किसी के ससुराली दहेज के लिए कर रहे थे परेशान. पुलिस ने 4 जोड़ों के बीच कराया समझौता…
आगरा में रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में रविवार को लगे परिवार परामर्श कैंप में पुलिस ने चार जोड़ों के बीच समझौता कराया. काउंसलर द्वारा समझाने के बाद ये जोड़े एक साथ फिर से रहने को राजी हुए और साथ—साथ घर गए.
पति—पत्नी के बीच विवादों के कई मामले सामने आ रहे हैं. इनमें से कई मामले तो पुलिस के पास पहुंच जाते हैं. पुलिस परिवार परामर्श केंद्र पर इन सभी को समझाने का पहले प्रयास करती है और फिर उसे बाद आगे की कार्रवाई करती है. आज रविवार को भी पुलिस ने चार ऐसे जोड़ों को समझाबुझाकर साथ घर भेजा जो कि आपस में किसी न किसी बात पर रूठे हुए थे या कहें इनके बीच लड़ाई झगड़े चल रहे थे जिसके कारण ये आपस में साथ नहीं रह रहे थे. मामूली से बात पर झगड़े थे. पति पत्नी ने एक दूसरे पर आरोप लगाए. कोई महिला पति के शराब पीने और मारपीट करने से परेशान थी तो किसी महिला का आरोप था कि ससुराली दहेज की अतिरिक्त मांग करते हैं.

रविवार को 60 जोड़े समझौते के लिए बुलाए गए थे लेकिन इनमें से सिर्फ 20 ही पहुंचे. आज चार जोड़ों के बीच समझौता कराया गया और बाकी को 26 मार्च को फिर से उपस्थित होने के लिए कहा गया. सुलह न होने पर दो मामलों में केस दर्ज किया गया.