आगरालीक्स…आगरा में सोमवार का तापमान 41 डिग्री से भी पार. हीट वेव की संभावना. रिकॉर्ड गर्मी से बेहाल हुए लोग, पशु और पक्षी…
आगरा में इस समय रिकॉर्ड गर्मी पड़ रही है. दिन प्रतिदिन गर्मी के कारण लोगों की हालत खराब हो रही है. मार्च के महीने में शायद ही इससे पहले कभी इतनी गर्मी पड़ी हो. आगरा में सोमवार को रिकार्ड तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा. इस सीजन का सबसे गर्म दिन सोमवार को रहा.

हीट वेव की संभावना
आगरा में हीट वेव की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार आगरा में 30 और 31 मार्च को हीट वेव चल सकती है. इस दौरान तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है. गर्मी के कारण लोगों का पहले से ही बुरा हाल है. सोमवार को निकली तेज धूप में जो लोग बाहर निकले उन्हें गर्मी का अहसास हुआ. धूप में एक मिनट भी ठहरना अब तो मुश्किल हो रहा है. लोग ही नहीं बल्कि पशु और पक्षी भी आगरा में पड़ रही गर्मी के कारण बेहाल हैं.