आगरालीक्स …Agra News: आगरा के आंबेडकर विवि ने उज्बेकिस्तान स्टेट वर्ल्ड लैंग्वेजेस यूनिवर्सिटी, ताशकंद के साथ एमओयू के साथ शैक्षिक आदान प्रदान के लिए किया एमओयू। ( Agra News: MOU Between DBRAU, Agra & Uzbekistan State University of World Languages, Tashkent)
कुलपति के प्रो. आशु रानी के निर्देशन में इस एमओयू को लेकर प्रक्रिया शुरू हुई। विवि के केएम इंस्टीट्यूट स्थित विदेशी भाषा विभाग की ओर से इस दिशा में कदम बढ़ाए गए। लंबी चली प्रक्रिया के बाद एमओयू पर हस्ताक्षर हो गए। संस्थान के निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर ने बताया कि इस समझौते का मुख्य उद्देश्य भारत और उज्बेकिस्तान के मध्य शैक्षणिक सेतु का निर्माण करना है, जो दोनों देशों की भाषाओं, संस्कृतियों और शैक्षिक उत्कृष्टता को परस्पर जोड़ने में सहायक होगा। स समझौते के तहत छात्रों और संकाय सदस्यों का पारस्परिक आदान-प्रदान, संयुक्त डिग्री कार्यक्रमों की स्थापना, संयुक्त शोध और प्रकाशन के साथ अकादमिक आयोजन, सांस्कृतिक समन्वय और संवाद का प्रोत्साहन, शिक्षा, भाषा विज्ञान, मानविकी, अंतरराष्ट्रीय संबंधों, पत्रकारिता, तथा अन्य विषयों में सहयोग करना है। विदेशी भाषा विभाग के समन्वयक डॉ. प्रदीप वर्मा ने बताया कि एमओयू के तहत उज़्बेकिस्तान में हिंदी और भारतीय भाषाओं के अध्ययन को प्रोत्साहन देने तथा आगरा में उज़्बेक भाषा, संस्कृति और मध्य एशियाई साहित्य पर आधारित पाठ्यक्रमों के विकास की योजना को भी शामिल किया गया है। समझौते के अवसर पर रूसी भाषा के शिक्षक अनुज गर्ग मौजूद रहे।