आगरालीक्स…आगरा में नगर निगम ने जमकर चलाया अतिक्रमण अभियान. जी20 डेलीगेशन को लेकर चल रहे अभियान में 75 अतिक्रमण हटाए…
आगरा में फरवरी माह में जी20 डेलीगेशन के सदस्यों का ताज भ्रमण का कार्यक्रम प्रस्तावित है. इन वीआईपी विजिट को लेकर आगरा में जोरदार तरीके से तैयारियां चल रही हैं. विश्व के 20 देशों के प्रतिनिधिमंडल जब यहां आएंगे तो उन्हें कोई परेशानी न हो और वह आगरा की एक अच्छी और साफ छवि अपने साथ लेकर जाएं, इसके लिए प्रशासन द्वारा दिन रात तैयारियां की जा रही हैं. ये वीआईपी जिस रूट से गुजरेंगे वो रास्ते और चौराहे सुंदर बनाए जा रहे हैं. आकर्षक पेंटिंग्स की जा रही है तो वहीं दुकानों को एक ही रंग में रंगने का काम भी चल रहा है और इसी के साथ चल रहा है अतिक्रमण अभियान. नगर निगम की ओर से लगातार अतिक्रमण अभियान चलाया जा रहा है.

सोमवार को भी नगर निगम ने अतिक्रमण अभियान चलाया. ईदगाह रेलवे पुल से अजीत नगर गेट तथा अजीत नगर खेरिया मोड एवं उसके आसपास के रोड के दोनों तरफ लगे हुए अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया. कर्नल एके सिंह प्रभारी प्रवर्तन दल के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया और इस दौरान करीब 75 अतिक्रमण हटाए गए. मौके पर एसीएम प्रथम, जेडएसओ तथा पुतलिस बल उपस्थित रहा.