आगरालीक्स…वृंदावन में बिहारीजी कॉरिडोर का विरोध तेज. अपनी—अपनी दुकानें बंद कर दुकानदारों ने खून से लिखा सीएम को पत्र. कहा—कुंज गलियों को क्यों मिटाना चाहते हैं…
मथुरा के वृंदावन में प्रस्तावित बिहारीजी कॉरिडोर को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है. व्यापारियों के साथ—साथ स्थानीय निवासियों ने भी नारेबाजी और प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है. व्यापारियों ने सोमवार को धरना प्रदर्शन कर सीएम के नाम खून से कागजों पर लिखा कि कोरिडोर के नाम पर कुंज गलियों को मिटाया जा रहा है जो कि वृंदावन की असली पहचान है.
सोमवार को व्यापारियों ने विद्यापीठ चौराहे पर ब्रजवासियों के साथ धरना किया.उन्होंने सीएम योगी के नाम खून से पत्र लिखकर कॉरिडोर न बनाने की मांग की.व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे तो वहीं सेवायतों के परिवार की महिलाओं ने मंदिर के चबूतरे पर बैठकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. महिलाओं ने कीर्तन कर बिहारीजी से रक्षा की मांग की. शाम को व्यापारियों ने पैदल मार्च भी निकाला. वृंदावन में बिहारीजी कॉरिडोर प्रस्तावित है. इसको लेकर सर्वे का काम भी पूरा कर लिया गया है और जो रिपोर्ट प्रशासन को भेजी गई है उसमें कॉरिडोर के दायरे में 300 से अधिक भवन, दुकान आ रहे हैं. ऐसे में इसको लेकर लोगों में भय व्याप्त हो गया है. दुकानदारों द्वारा कॉरिडोर के विरोध में लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं तो वहीं लोगों को अपना घर खोने का डर है जिसको लेकर उनमें भी डर है और वह लगातार इसको लेकर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं.

हेमामालिनी ने कहा—किसी का नहीं होगा अहित
इन सबके बीच मथुरा की सांसद हेमामालिनी ने कॉरिडोर को लेकर बड़ी बात कही. मथुरा पहुंची हेमामालिनी ने कहा कि कॉरिडोर निर्माण वर्तमान समय की जरूरत है और कॉरिडोर के बनने से वृंदावन में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और व्यापार भी बढ़ेगा. उन्होंने कहा मंदिर के सेवायत गोस्वामियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को समझाते हुए कहा कि कॉरिडोर निर्माण से किसी को कोई नुकसान नहीं होगा. सभी के हितों का ध्यान रखा जाएगा. जो लोग कह रहे हैं कि कॉरिडोर के निर्माण से यहां की प्राचीनता और प्राकृतिक सुंदरता को नुकसान होने जा रहा है वह गलत हैं. इससे न तो प्राचीनता खत्म होगी और न ही प्राकृतिक सुंदरता से छेड़छाड़ होगी. इस कॉरिडोर का निर्माण हाईकोर्ट के निदे्रशन पर हो रहा है, इसलिए खामियों की गुंजाइश नहीं है.