आगरालीक्स …आगरा में सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म, जानें पूरा मामला, किस तरह पार्षद और सफाई कर्मचारियों के बीच का विवाद हुआ खत्म।

आगरा में विजय नगर कॉलोनी से पार्षद ऋषभ गुप्ता पर सफाई नायक विकास के साथ विवाद के बाद मारपीट हो गई थी। इस मामले में पार्षद ऋषभ गुप्ता सहित अन्य के खिलाफ हरीपर्वत थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। सफाई कर्मचारी पार्षद ऋषभ गुप्ता को अरेस्ट करने की मांग कर रहे हैं, मंगलवार से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। मंगलवार दोपहर में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल से कर्मचारी महासंघ और संघर्ष समिति की बैठक हुई, महासंघ ने पार्षद को अरेस्ट करने की मांग की, नगर आयुक्त ने कहा कि पुलिस मामले को देख रही है। लेकिन महासंघ ने पार्षद को अरेस्ट न करने तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान कर दिया था। बुधवार को भी सुबह सफाई कर्मचारी काम पर नहीं आए।
पार्षद ने किया खेद व्यक्त, अपर आयुक्त ने की मध्यस्तता
इस मामले में अपर नगर आयुक्त एसपी यादव ने मध्यस्तता की। सफाई कर्मचारी महासंघ और पार्षद ऋषभ गुप्ता के बीच वार्ता कराई गई। पार्षद ने उस दिन की घटना पर खेद व्यक्त किया, इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर दी और काम पर लौट आए हैं।