आगरालीक्स… आगरा नगर निगम के चुनाव इसी साल होने हैं। इसे लेकर सक्रियता बढ़ने लगी है। पहली बार आगरा नगर निगम 19 नागरिकों को ‘नगर श्री सम्मान’ से नागरिकों को सम्मानित करने जा रहा है। कर सकते हैं आवेदन।
मेयर नवीन जैन ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आगरा नगर निगम द्वारा जल्द ही ‘नगर श्री सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहा है। नगर श्री सम्मान से सम्मानित करने के लिए शिक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा, पर्यावरण, समाज सेवा, साहित्य-धार्मिक-सांस्कृतिक और बहादुरी इत्यादि ऐसी लगभग 19 कैटगरी चुनी हैं। प्रत्येक कैटगरी में सबसे शानदार व उत्कृष्ट काम करने वाले ऐसे नागरिक का सम्मान किया जायेगा जिन्होंने अपने कार्यां से अपना और शहर का नाम रोशन किया है। इसके लिए आठ सदस्यीय चयन समिति गठित की गई है। शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि आप ऐसे लोगों को जानते हैं जिन्होंने इस शहर व समाज के लिए कुछ किया है, अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरे लोगों की जान बचाई है या फिर निःस्वार्थ भाव से शहर के हित में निरंतर अपना योगदान दिया है तो उनकी जानकारी हमारी चयन समिति तक जरूर पहुंचाये। ताकि वास्तव में एक सच्चे व ईमानदारी से कर्तव्य का पालन करने वाले उचित शख्सियत को ही यह नगर श्री सम्मान मिले। जिससे हम भी अपने आप को गौरान्वित महसूस कर सके।

इन कैटगरी में किया जायेगा सम्मानित
सफाई व स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान दिया।
लाल बत्ती पर इंजन बंद रखने हेतु योगदान दिया।
ऐसे व्यक्ति का सम्मान जो घर के बाहर भी झाडू लगाकर नियमित रूप से सफाई करता हो।
महापुरूषों की प्रतिमाओं की सफाई की हो नियमित रूप से।
ऐसे व्यक्ति जिसने सार्वजनिक स्थानों पर सदैव कूड़ा डस्टबिन में ही डाला हो।
ऐसा व्यक्ति जिसने नियमित रूप से निरंतर गृहकर/वाणित्य कर समय पर टैक्स भुगतान किया हो।
ऐसा व्यक्ति जिसने स्वयं के खर्चे पर पार्क का संरक्षण किया हो।
ऐसा व्यक्ति जिसने निजी तौर पर जल सेवा के कार्य में योगदान दिया हो।
ऐसा व्यक्ति जिसने निजी तौर पर रैन बसेरा के कार्य में योगदान दिया हो।
शिक्षा
जिन्होंने गरीब बच्चों की निजी खर्चे पर मदद की, शिक्षण कार्य हेतु स्कूल कॉलेज बनाए, कमरे बनाए, स्कूल का जीर्णोंद्धार किया व किसी निर्धन छात्र की फीस में योगदान दिया हो।
जो गरीब लोगों के इलाज में निजी खर्चे पर मदद को आगे आये, डायलसिस, उपकरण लैब, आर्थिक सहयोग दिया, दवाइयां व ऑपरेषन कराया हो।
पर्यावरण
जिन्होंने अपने निजी प्रयासों से पौधे लगाए व संरक्षण किया
निगम कर्मचारी जो हमेशा समय से आये हो।
निगम कर्मचारी जिन्होंने अपने व्यवहार से जनता को प्रभावित किया हो।
जिन्होंने यातायात के नियमों का निरंतर पालन किया हो।
सादा जीवन, उच्च विचार (सदाचार) के लिए जाने जाते हों।
खेल क्षेत्र में आगरा का नाम रोशन किया हो।
साहित्य के क्षेत्र में आगरा का नाम रोशन किया हो।
संगीत के क्षेत्र में आगरा का नाम रोशन किया हो।
वीरता (नागरिक) के क्षेत्र में आगरा का नाम रोशन किया हो।
शिक्षा के क्षेत्र में आगरा का नाम रोशन किया हो।
कला के क्षेत्र में आगरा का नाम रोशन किया हो।
शहर को सुन्दर बनाने में अपना योगदान दिया हो।
10 अगस्त तक यहां जमा कर सकते हैं आवेदन
मेयर नवीन जैन कैंप कार्यालय, 51 कमला नगर
नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित कंट्रोल रूम
नगर निगम की मेल आईडी पर भी आवेदन भेज सकते हैं