आगरालीक्स…बांकेबिहारी मंदिर में मना नंदोत्सव. भक्तों पर लुटाए उपहार..
वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद नंदोत्सव की धूम रही और बधाई गीतों से मंदिर परिसर में गूंजता रहा. लल्ला के जन्मदिन की खुशी में मंदिर में बधाई गीत गूंजते रहे. श्रद्धालु नंदोत्सव के उल्लास में झूमते नजर आए. महिलाओं ने बधाई गीतों पर जमकर डांस किया और पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में डूबा रहा. इस दौरान सेवायतों ने मंदिर से टॉफी, चॉकलेट ओर खिलौने लुटाए. उपहार पाने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ मच गई.
इसके बाद सेवायतों ने हल्दी और केसर दही मिश्रित लुटाया. लाला की छीछी लेने के लिए हर कोई आतुर नजर आया. श्रद्धालु इसे भगवान के बाल स्वरूप की कृपा और प्रसाद मानकर पाने के लिए लालायित रहे. मंदिर में बधाई गीतों ओर जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं के चेहरे पर लल्ला के जन्मदिन की खुशी साफ झलक रही थी.