आगरालीक्स…आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर दौड़ रही डीसीएम का टायर फटा. बेकाबू होकर आक्सीजन टैंकर में घुसी. टला बड़ा हादसा
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शनिवार को बडा हादसा होने से टल गया. शनिवार सुबह तेज गति से जा रही एक डीसीएम का टायर फट गया जिससे वो अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे आक्सीजन गैस से भरे टैंकर से जा टकराई. हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और इनके चालक भी बाल बाल बच गए. हादसे की सूचना पर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंचीं और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाया.
पुलिस के अनुसार टैंकर चालक अजय कुमार जमशेदपुर से आक्सीजन गैस लोड कर भिवानी हरियाणा जा रहे थे. शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे फतेहाबाद थाना क्षेत्र के एक्सप्रेस वे के किलोमीटर 34.100 पर पहुंचे. इसी दौरान पीछे से ग्लूकोज लादकर आगरा जा रही डीसीएम का टायर अचानक फट गया और डीसीएम अनियंत्रित होकर आगे चल रहे आक्सीजन गैस सिलेंडर से जा टकराई.