आगरालीक्स….आगरा में मनाया नन्दोत्सव. गूंजे राधारानी संग कृष्ण कन्हैया के जयकारे. गाए बधाई गीत. मटकी सज्जा, राधा-कृष्ण व मैया यशोदा की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भी हुआ आयोजन
ब्रज की पटरानी राधा रानी और कृष्ण कन्हैया के जयकारों संग भक्तिभाव के साथ अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा नन्दोत्सव का आयोजन किया गया। वॉटरवर्क्स चौराहा स्थित अतिथिवन में आयोजित कार्यक्रम में कन्हैया के जन्म पर बधाई गीत गाए गए। मटकी सजाओ प्रतियोगिता संग राधा-कृष्ण व मैया यशोदा बनकर संगठन की सदस्याओं ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में उत्साह व उमंग के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य समाजसेवी नितेश अग्रवाल व राजेश खुराना ने विद्या दायिनी मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अध्यक्ष निशा सिंघल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार और अपनी संस्कृति की जड़ें मजबूत करने के लिए इस तरह के आयोजनों का होना बहुत आवश्यक है। इसके उपरान्त मटकी सज्जा, राधा-कृष्ण नृत्य, प्रश्नोत्तरी, लकी ड्रा जैसी विभिन्न प्रतियोगिता में संगठन की महिलाओं व बच्चों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। मनिहारी का भेष बनाया, श्याम चूड़ी बेचने आया…, कान्हा बरसाने में आ जइयो… राधा कैसे न जले…, सांवरी सूरत पे तेरी दिल दिवाना हो गया…, छोटी छोटी गइया, छोटे छोटे ग्वाल…, बड़ा नटखट है रे नन्दकिशोर… जैसे गीतों में हर तरफ कान्हा के भक्ति के रंग बिखेर दिए। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार व उपहार स्वरूप प्रसाद की टोकरी प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्य रूप से कार्यक्रम संयोजक ज्हानवी सिंघल, रेनू, रजनी बबिता, सुनीता, प्रिया, कोमल, अमिता, बबिता, जूही, जूली, अर्चना, रेखा, अंजली, कृष्णा, माला, अनुराधा आदि उपस्थित थीं।