आगरालीक्स…आगरा में आधी रात को बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़. दो बदमाश दबोचे इनमें एक बदमाश गोली लगने से घायल. तमंचे, कारतूस के साथ जवैलरी और कैश बरामद
आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र में छिनैती की घटनाओं में शामिल बदमाशों के साथ आधी रात को पुलिस की मुठभेड़ हो गई. मुखबिर की सूचना पर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलासं टीम की संयुक्त कार्यवाही में दो बदमाश दबोचे गए. इनमें से एक बदमाश वीकेश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। अभियुक्त सोनू वर्मा उर्फ लुक्का को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने इनके पास से 02 तमंचे, 02 खोखा कारतूस, 02 जिंदा कारतूस, घटनाओं से संबंधित आभूषण, ₹18,000/- नकद तथा घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल बरामद की गई है.

पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे शमसाबाद की तरफ से बिना नंबर की अपाचे बाइक आती दिखाई दी. पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बाइक लेकर हुसैनपुर गांव की ओर भागने लगे. इस पर पुलिस ने पीछा करते हुए बदमाशों की घेराबंदी की. बदमाशों ने दोबारा पुलिस पर फायरिंग की लेकिन पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई जो कि एक बदमाश वीकेश निवासी फकीरे की मढैया, थाना बलरई इटावा के पैर में लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया. वहीं उसके साथी सनी उर्फ लुक्का निवासी बबूल खाना बमुरियाई, थाना निबोहरा आगरा को भी अरेस्ट कर लिया.