आगरालीक्स…आगरा में लगा नवसंवत्सर मेला. रामलीला पार्क, जयपुर हाउस में मेले का शुभारंभ. बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्टॉल्स भी लगीं
भारतीय कला, संस्कृति और के साथ भक्ति के रंग भी बिखरे थे। मौका था राष्ट्र सेविका समिति द्वारा चैत्र मास के नवरात्रों से प्रारम्भ होने वाले नव वर्ष की पूर्व संध्या पर नवसम्वत्सर मेले का। जयपुर हाउस स्थित रामलीला पार्क में आयोजित मेले का शुभारम्भ महापौर हेमलता दिवाकर ने भारत माता व विघ्नविनाशक की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेविका समिति की अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख डॉ. शरण रेणु, ज्वाइन कमिश्नर इनकम टैक्स राधारानी शर्मा, आगरा की प्रथम सीए महिला अमीता गर्ग भी मौजूद थीं।
मेले के प्रारम्भ में वैदिक मत्रोच्चारण के साथ हवन का आयोजन किया गया, जिसमें समिति की सभी सदस्याओं ने आहूति दी। इसके उपरान्त महिलाओं व बच्चों के लिए आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें चित्रकला, थाल सज्जा, हमारा घर हमारा परिवार, भारत के पर्व, अहिल्याबाई होल्कर ,लेखन, मेहंदी, 50 मीटर दौड़, चम्मच नींबू दौड़, सुई धागा दौड़, कुर्सी दौड़, शंख एवं विविध वेश प्रतियोगिताओं में बच्चों व महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इस वर्ष मेले में पुण्य श्लोका अहिल्याबाई होलकर जी की 300 वी जयंती को ध्यान में रखते हुए चारित्रिक विषय लोगों के संज्ञान में आए और समाज में कर्तव्यनिष्ठ होने की भावना बढ़े इस बात का भी खास ख्याल रखा गया। इसके उपरान्त सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेले का मुख्य आकर्षण मलखम का प्रदर्शन भी रहा जो बालक और बालिकाओं ने एक साथ किया। सरस्वती शिशु मंदिर सुभाष पार्क के बच्चों ने घोष के साथ अतिथियों का स्वागत किया। मेले में स्वास्थ्य विभाग आगरा के सहयोग से डॉ सुनील कुमार गौतम द्वारा निशुल्क नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया। दोपहर से प्रारम्भ होकर मेला देर रात तक चला। मेले में राष्ट्र सेविका समिति की बहनों ने भी दायित्व संभाला।