आगरालीक्स …आगरा में पोर्टेबल एक्सरे मशीन से नए टीबी के मरीजों की तलाश की जा रही है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने बताया कि सी नाइंटिन टीम की मदद से कैम्प लगा कर नये टीबी मरीज खोजे जा रहे हैं। कैम्प के लिए पहले से योजना तैयार कर ली जाती है और खासतौर से उच्च जोखिम क्षेत्रों में कैम्प लगाए जाते हैं। नये टीबी मरीज खोज कर समय से इलाज कर देने से इसके संक्रमण का चेन टूटता है। लक्षण दिखने पर लोग अपने ब्लॉक में लगने वाले कैम्प में पहुंच कर टीबी जांच करवा सकते हैं। डीटीओ ने बताया कि जनपद में 16 मार्च से 31 मई के बीच विभिन्न स्थानों पर 92 कैंप लगाए गए। इन कैंप में 9115 संभावित टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग की गयी । सभी संभावित मरीजों की जांच पोर्टेबल एक्स रे मशीन से की गयी। इसके बाद 3069 मरीजों का बलगम कलेक्ट कर जांच के लिए भेजा गया, जिसमें 460 मरीजों में टीवी की पुष्टि हुई।सभी नये टीबी मरीज का उपचार शुरू कर दिया गया है।
फतेहपुर सीकरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक सीमा ने बताया कि कैम्प के माध्यम से नये टीबी मरीजों को खोजना आसान हो रहा है। उनके यहां फतेहपुर सीकरी के उच्च जोखिम वाले ग्राम दूरा, मंडी मिर्जा खां और पतसाल में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जूनियर हाई स्कूल दूरा और स्थानीय प्राइवेट स्कूल पर कैम्प लगाया गया तो टीबी के 24 नये मरीज खोजे जा सके । जिसमें 19 लोगों में एक्स रे के जरिये टीबी की पुष्टि हुई और 05 लोगों में बलगम जांच के जरिये टीबी का पता चला । इस कार्य में सीएचओ राकेश कुमार, अंकुश कुमार, मोहित और सी नाइंटिन टीम के लीड मोहित प्रधान का सहयोग रहा ।