आगरालीक्स…आगरा में रावतपाड़ा से खाटू श्याम मंदिर तक निकली खाटूश्याम की निशान यात्रा. हाथो में 1100 निशान लिए श्यामप्रेमियों ने खेली फूलों और गुलाल की होली…अग्रवन में सजेगी सुरों की शाम
भक्ति और उत्सव के संगम में उत्साह व उमंग के साथ उमड़ता श्रद्धा का सैलाब। ढोल नगाड़ों की धुन पर झूमते-नाचते श्रद्धालु। शंखनाद की ध्वनि के साथ जैसे ही अलौकिक रूप में सजे खाटू श्याम जी की आरती की गयी, हर भक्त के हाथ भगवान के अभिवादन में ऊपर उठ गए। बंगाली श्रृंगार और सतरंगी फूलों से सजी श्याम बाबा का डोला चला तो जय श्री श्याम के जयघोष गूंजने लगे। कुछ ऐसा ही मनोरम दृश्य था श्री श्याम सेवादार परिवार सेवा समिति की ओर से रावत पाड़ा स्थित श्रीमन:कामेश्वर मंदिर से निकाली गई निशान यात्रा का।

संस्थापक अंकुर खण्डेलवाल व निष्कर्ष गुप्ता ने बताया कि पांचवे स्थापना दिवस पर निकाली गयी निशान यात्रा में गणेश जी, रामदरबार, कैला देवी, सालासर बालाजी साहित 6 झांकियां और एक खाटू नरेश का डोला निकाला गया। यात्रा रावत पाड़ा से आरंभ होकर रामबारात मार्ग से होते हुए जीवनी मंडी स्थित खाटूश्याम मंदिर पर पहुंची। हाथो में 1100 निशान लिए श्यामप्रेमी फूलों और गुलाल की होली खेलते रहे। भक्तों ने ढोल नगाड़ो पर थिरकते हुए मंदिर पहुंचकर निशान अर्पित किये।
अध्यक्ष रितेश गुप्ता और कोषाध्यक्ष आदित्य गुप्ता ने बताया कि आज वाटरवर्क्स स्थित अग्रवन में श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले संकीर्तन के लिए आमंत्रण यात्रा निकाल सभी भक्तों को आने का निमंत्रण दिया है। निशान यात्रा में खाटू श्याम जी के डोले का भक्तो ने फूल-वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
रेशमी शर्मा आएंगी
अग्रवन में गुरुवार को बिहार समस्तीपुर से प्रख्यात भजन गायिका रेशमी शर्मा, फरीदाबाद से अंकित शर्मा और आगरा से राजा पुरोहित अपने भजनों से बाबा को रिझायेंगे। संकीर्तन में श्याम बाबा का भव्य दरबार के साथ अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योति, पुष्प और इत्र वर्षा की जाएगी। इस अवसर पर धीरज चौरसिया, शिवम शर्मा, गोपी पमनानी, सौरभ गर्ग, गोपाल गुप्ता, अरुण गुप्ता, कृष्णा अग्रवाल, आदित्य गुप्ता, संजीव कुमार, विवेक गुप्ता, नितिन सिंह, सुमित बंसल, अंकित राठौर, आदित्य गुप्ता, रितिक वर्मा, राहुल मंगल, दीपू व्यानी, रोहित शर्मा आदि मौजूद रहे।