आगरालीक्स…आगरा में बारिश के ‘नो चांस’. बिन बारिश के होगी सावन की शुरुआत. तापमान पहुंचेगा 40 डिग्री के पार…जानें मौसम विभाग का पूर्वानुमान…..
कल गुरुवार से सावन का महीना लग रहा है. सावन का महीना मन को हर्षित करने वाला होता है. रिमझिम बारिश होती है और काले घने बादलों का आवागमन इस महीने में खूब होता है लेकिन लगता है मानसून आगरा से रूठ गया है. गर्मी से परेशान लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं और बारिश है कि होने का नाम नहीं ले रही है. कभी—कभी काले घने बादल छाते हैं, कुछ मिनटों के लिए बारिश भी होती है लेकिन ये कुछ मिनट की बारिश राहत कम आफत ज्यादा लाती है. कुछ देर की बारिश से गर्मी से राहत नहीं मिलती बल्कि उसमभरी गर्मी बढ़ जाती है. आगरा के लोग इस समय उमसभरी गर्मी से ही बेहाल हैं. पसीना है कि रुकने का नाम नहीं ले रहा है. दोपहर को इतनी तेज धूप होती है कि धूप में एक पल भी ठहरा नहीं जाता. इसके कारण तापमान लगातार सामान्य से अधिक है.

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है तो वहीं न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा और ये सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा में फिलहाल तीन दिन तक तो बारिश के कोई चांस नहीं बन रहे हैं. आने वाले तीन दिनों में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी जिसके कारण आगरा का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच सकता है. हालांकि इन तीन दिनों के बाद मौसम विभाग ने फिर से बारिश के आसार आगरा में जताए हैं.