आगरालीक्स…Agra News: आगरा में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी नगर निगम कुत्तों के लिए शेल्टर होम तैयार नहीं कर सका है। अस्पताल, पर्यटन स्थल, शैक्षिक संस्थानों से कुत्ते पकड़ने के बाद कहां छोड़े जाएंगे, इसे लेकर भी नगर निगम के पास कोई स्पष्ट रणनीति नहीं है। ( Agra News: No Shelter Home for Dogs in Agra)
सुप्रीम कोर्ट ने अस्पताल, पर्यटन स्थल, शैक्षिक संस्थानों से कुत्तों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद स्कूलों, अस्पतालों, पर्यटन स्थलों को कुत्तों से मुक्त करने के लिए टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें नगर निगम से संपर्क कर रही हैं, नगर निगम टीम भेजकर इन संस्थानों से कुत्तों को पकड़ रहे हैं।
दो हजार कुत्तों के लिए शेल्टर होम बनाने का प्रस्ताव
कुत्तों को पकड़ने के बाद उनकी नसबंदी और टीकाकरण किया जाना है इसके बाद इन कुत्तों को शेल्टर होम में छोड़ना है जिससे अस्पताल, शैक्षिक संस्थान और पर्यटन स्थलों को कुत्तों से मुक्त किया जा सके। मगर, अभी तक नगर निगम शेल्टर होम के लिए जमीन तक चिन्हित नहीं कर सका है।
यही नहीं, शहर में 1.10 लाख कुत्ते हैं इन कुत्तों के लिए 2000 क्षमता का शेल्टर होम प्रस्तावित किया गया है। ग्वालियर रोड पर शेल्टर होम के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार का कहना है कि 2000 कुत्तों के लिए आधुनिक शेल्टर होम की कार्ययोजना तैयार है। जमीन के लिए राजस्व विभाग से संपर्क किया जा रहा है, जमीन मिलते ही शेल्टर होम का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। नसबंदी और टीकाकरण का अभियान लगातार चल रहा है।