आगरालीक्स…आगरा में सम्मान या औपचारिकता तक सीमित नहीं होगा डॉक्टर डे. आईएमए आगरा के डॉक्टर्स कई बीमारियों के उपाय और जोखिमों को कम करने की देंगे जानकारियां…विशेषज्ञ करेंगे पैनल चर्चा
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) आगरा शाखा इस वर्ष डॉक्टर डे के उपलक्ष्य में एक भव्य, अनूठे और अत्यंत लाभकारी कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। यह कार्यक्रम 29 जून को होटल ग्रैंड मर्क्यूर, आगरा में आयोजित किया जाएगा। इस पूरे दिन चलने वाले समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगा—सतत चिकित्सा शिक्षा (Continuing Medical Education) का सिलसिला, जो चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण और समसामयिक विषयों पर आधारित होगा। IMA आगरा के सचिव डॉ. राजनीश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष डॉक्टर डे का आयोजन सिर्फ सम्मान या औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक ऐसे मंच के रूप में स्थापित किया जा रहा है जहाँ डॉक्टरों को विभिन्न ज्वलंत चिकित्सीय मुद्दों पर गहन जानकारी और विचार विमर्श का अवसर प्राप्त हो।इन विषयों पर विशेषज्ञ पैनल चर्चाएं होंगी
वरिष्ठ नागरिकों में बीमारियों की रोकथाम
सेप्सिस की रोकथाम और शीघ्र प्रबंधन के तरीके
बेहतर आईसीयू केयर की दिशा में नवीनतम सोच
सर्जिकल जटिलताओं से बचाव के उपाय
बाल यौन शोषण की पहचान और उसका चिकित्सीय व सामाजिक दृष्टिकोण
मेडिको-लीगल पहलुओं की जानकारी और व्यवहारिक समाधान
हृदय संबंधी जोखिमों को कम करने की रणनीति
कैंसर की शीघ्र पहचान हेतु स्क्रीनिंग गाइडलाइंस
ट्रॉमा की स्थिति में जान कैसे बचाएं — बहु-विषयक (मल्टीडिसिप्लिनरी) टीम की भूमिका
डॉ.रजनीश मिश्रा ने बताया कि इन सभी चर्चाओं का उद्देश्य डॉक्टरों को अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें आधुनिक चिकित्सकीय दृष्टिकोणों से लैस करना है जिससे कि वे अपने मरीजों के लिए बेहतर परिणाम सुनिश्चित कर सकें। IMA आगरा के कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश भारद्वाज ने बताया कि यह आयोजन 29 जून को होटल ग्रैंड मर्क्यूर में होगा और इसमें शहर के जाने-माने वरिष्ठ और विशेषज्ञ डॉक्टर अपने ज्ञान और अनुभव साझा करेंगे।
IMA आगरा की साइंटिफिक सेक्रेटरी डॉ. दीप्तिमाला ने बताया कि इस पूरे कार्यक्रम को अत्यंत वैज्ञानिक, अनुशासित और व्यावहारिक स्वरूप में डिजाइन किया गया है ताकि हर सहभागी को इससे अधिकतम लाभ मिल सके। “यह CME केवल एक सूचना देने वाला सेशन नहीं, बल्कि विचार-विमर्श, केस डिस्कशन और रियल-टाइम सॉल्यूशन शेयरिंग का मंच होगा,” उन्होंने कहा।IMA आगरा के अध्यक्ष डॉ. अनुप दीक्षित ने कहा कि इस तरह का बहुआयामी आयोजन डॉक्टरों को न केवल पेशेवर रूप से सशक्त बनाता है, बल्कि आपसी संवाद और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से पूरे चिकित्सा समुदाय को मजबूती प्रदान करता है। “इससे न केवल डॉक्टरों की व्यक्तिगत दक्षता बढ़ेगी, बल्कि यह मरीजों के बेहतर इलाज और परिणामों में भी सहायक होगा,” डॉ करन रावत ने कहा।
*सांस्कृतिक कार्यक्रम देगा आयोजन को पूर्णता
इस ज्ञानवर्धक दिवस का समापन , 1 जुलाई को एक रंगारंग सांस्कृतिक संध्या से होगा, जिसमें आगरा के डॉक्टर अपने भीतर छुपे हुए कलाकार रूप को मंच पर प्रस्तुत करेंगे। डॉ. अमिता सिंह, सांस्कृतिक सचिव, IMA आगरा ने बताया कि इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में *नाट्य प्रस्तुतियाँ, गायन, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियाँ* शामिल होंगी, जो डॉक्टरों के तनाव को कम कर उन्हें एक दूसरे से और अधिक आत्मीयता से जोड़ेंगी बताया डॉ पंकज नगायच ने ।