आगरालीक्स….आगरा में अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर महिलाओं का उत्सव, सम्मान और स्वरोजगार को मिला मंच.
पुण्यश्लोका रानी अहिल्याबाई होल्कर जी की त्रिशताब्दी जन्म जयंती के उपलक्ष्य में जिला पंचायत द्वारा शमशाबाद विकासखंड में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समर्पण को केंद्र में रखकर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने की। उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर का जीवन नारी शक्ति, नेतृत्व और सेवा भावना का प्रतीक है, और वर्तमान समय में महिलाओं को इसी भावना से आगे बढ़ने की आवश्यकता है। सम्मेलन में महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री और अन्य स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिससे उनके हुनर को मंच प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त माताओं की गोद भराई में उपहार वितरण किया गया, जिससे बेटियों को सामाजिक सहयोग और प्रोत्साहन मिला। इस अवसर पर "महिला सम्मान कार्यक्रम" के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहीं महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।