आगरालीक्स…आगरा में गलनभरी ठंड और कोहरे के कारण कक्षा 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी का ऐलान. जिला शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश
आगरा इस समय भीषण गलनभरी ठंड और कोहरे की चपेट में हैं. इसको लेकर पिछले 27 दिसंबर 2022 से कक्षा 8वीं तक के स्कूल अभी तक बंद हैं. ठंड बढ़ने के कारण 5 जनवरी 2023 को 12वीं तक के स्कूल बंद करने के आदेश भी जारी कर दिए गए थे लेकिन अभी तक ठंड लोगों की कंपकंपी छुड़ा रही है. ऐसे में आगरा के जिला शिक्षा विभाग ने छुट्टियां बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं. आगरा में कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों को 9 जनवरी से 14 जनवरी तक बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं.

जिला बेसिक शिक्षाधिकारी द्वारा जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि 14 जनवरी तक सभी विद्यालय प्रबंधक व प्रधानाचार्य यह सुनिश्चित करें कि बच्चों को बिल्कुल न बुलाया जाए.
आगरा सहित आसपास के जिले इस समय शीतलहर की चपेट में हैं. गलन और कोहरे का प्रभाव इतना अधिक है कि ठंड में बाहर निकलना काफी मुश्किल हो रहा है. शुक्रवार—शनिवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई. रात को आगरा का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. आगरा में ठंड का आलम ये है कि इससे ज्यादा तापमान नैनीताल और मसूरी में बना हुआ है.
