आगरालीक्स…आगरा में झूलेलाल मंदिर भवन का हिस्सा बारिश के दौरान गिरा. सिंधी समाज में आक्रोश, धरना देकर किया प्रदर्शन. बोले तीन माह से पुनर्निमाण की मांगी जा रही थी अनुमति…
ताजगंज थाने के सामने स्थित सिंधी मंदिर का जर्जर भवन बुधवार को बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर पड़ा. इसको लेकर सिंधी समाज में आक्रोश है. गुरुवार को समाज के लोगों ने काले झंडे दिखाकर ताजगंज स्थित मंदिर परिसर में धरना दिया. उन्होंने कहा कि तीन माह पहले इसके पुनर्निर्माण की अनुमति मांगी जा रही थी. अनुमति में देरी के कारण भवन ढह गया. दो दिन पहले ही महोत्सव खत्म हुआ है. अगर यह हादसा उस समय हुआ होता तो कई लोग शिकार हो जाते. सिंधी समाज के लोगों के अनुसार धर्मशाला का भवन लंबे समय से जर्जर हालत में था। इसकी स्थिति को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया. समाज के प्रतिनिधियों ने कमिश्नर से लेकर नगर निगम के अधिकारियों तक मुलाकात कर भवन की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की अनुमति देने की मांग की, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला.
लोगों ने कहा कि यह हादसा प्रशासन के लिए एक बड़ी चेतावनी है. आज गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन यदि मलबे की चपेट में कोई व्यक्ति आ जाता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी. समाज ने मांग की है कि घटना की जांच कराई जाए और शहर की अन्य जर्जर इमारतों का भी तत्काल सर्वे कराया जाए. श्याम भोजवानी ने कहा कि “सिंधी मंदिर की जर्जर हालत की जानकारी प्रशासन को पहले से थी। हम लोगों ने कई बार अधिकारियों को अवगत कराया और समाधान की मांग की, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं हुआ. आज भवन गिर गया और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. शुक्र है कि कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन अब भी नहीं जागा तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.”