आगरालीक्स…आगरा के सेंट मैरी चर्च, प्रतापपुरा में नौ दिवसीय पवित्र नोवेना एवं रोजरी प्रार्थना सभा का शुभारंभ….
प्रभु यीशु मसीह की माता, हमारी प्यारी माता एवं हम सभी की आध्यात्मिक माता मदर मरियम के सम्मान में आज सेंट मैरी चर्च, प्रतापपुरा, आगरा में नौ दिवसीय पवित्र नोवेना एवं रोजरी प्रार्थना सभा का श्रद्धा, भक्ति और विश्वास के साथ शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु चर्च परिसर में एकत्रित हुए और सामूहिक रूप से पवित्र रोजरी की प्रार्थना कर माता मरियम के प्रति अपनी श्रद्धा एवं प्रेम प्रकट किया। पूरे चर्च परिसर में प्रार्थना, भक्ति और आध्यात्मिक शांति का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए आगरा के पूर्व महाधर्माध्यक्ष डॉ. अल्बर्ट डिसूजा ने माता मरियम के जीवन, उनके अटूट विश्वास, समर्पण और प्रभु यीशु मसीह के प्रति उनकी पूर्ण निष्ठा को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि माता मरियम केवल प्रभु यीशु की माता ही नहीं, बल्कि विश्वास रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेम, करुणा और आशा की माता हैं। उनका जीवन हमें विनम्रता, सेवा, त्याग और ईश्वर पर पूर्ण विश्वास रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि माता मरियम ने अपने पूरे जीवन में ईश्वर की इच्छा को सर्वोपरि रखा और कठिन परिस्थितियों में भी अपने विश्वास को बनाए रखा। उनका जीवन आज भी प्रत्येक श्रद्धालु को ईश्वर के प्रति पूर्ण समर्पण, प्रार्थना और मानव सेवा का संदेश देता है।
नोवेना के शुभारंभ अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता मरियम के समक्ष अपनी व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं समाज से जुड़ी प्रार्थनाएं और निवेदन श्रद्धापूर्वक प्रस्तुत किए। ईसाई विश्वास के अनुसार माता मरियम अपनी संतानों की प्रार्थनाओं और निवेदनों को प्रेमपूर्वक प्रभु यीशु मसीह के समक्ष प्रस्तुत करती हैं। इसी विश्वास के साथ नौ दिवसीय नोवेना के दौरान श्रद्धालु अपने जीवन, परिवार, समाज, देश और पूरे विश्व में शांति, प्रेम, एकता, सुख-समृद्धि एवं कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना करेंगे। पवित्र मिस्सा के उपरांत चर्च परिसर में श्रद्धापूर्वक जुलूस भी निकाला गया।
जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रार्थना एवं भक्तिमय गीतों के साथ माता मरियम के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति व्यक्त की। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पूरा चर्च परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। इस धार्मिक आयोजन में सेंट मैरी चर्च, प्रतापपुरा के पल्ल़ी पुरोहित. फादर जोसेफ डाबरे के साथ फादर जॉन, फादर अजय एवं फादर स्वप्निल उपस्थित रहे। सभी फादरों ने श्रद्धालुओं के साथ प्रार्थना में भाग लिया तथा नौ दिवसीय नोवेना के सफल एवं आध्यात्मिक आयोजन में अपना सहयोग प्रदान किया। सिस्टर जूलियट की देखरेख में गायन मंडली ने मधुर भक्तिमय गीत प्रस्तुत किए, जिसमें सुशील टोप्पो ने सहयोग किया।
इस अवसर पर क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी, के अध्यक्ष डेनिस सिल्वेरा ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नौ दिनों तक नियमित रूप से नोवेना एवं रोजरी प्रार्थना में सहभागी बनें और अपने परिवार, समाज, देश तथा पूरे विश्व में शांति, भाईचारे और प्रेम के लिए विशेष प्रार्थना करें।