आगरालीक्स…आगरा में पारिजात इको फाउंडेशन ने की अनोखी पहल…पौधरोपण कर लोगों के नाम से बना रही लघु वन. सेंट जॉन्स कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर ने बेटी सना के नाम से रोपे 50 पौधे. मिला बना ‘सना वन’
पर्यावरण संरक्षण और अपनों की यादों को हरा-भरा बनाए रखने की दिशा में पारिजात इको फाउंडेशन ने एक सराहनीय कदम उठाया है। बुधवार को को संस्था के विशेष अभियान के तहत सेंट जॉन्स कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर डॉ. मनोज पॉल ने अपनी सुपुत्री सना मरीना पॉल के नाम से 50 पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर पारिजात इको फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. अनुराधा ने बताया कि संस्था लोगों के नाम से ‘स्मॉल वन’ (लघु वनों) का निर्माण कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण से भावनात्मक रूप से जोड़ना है, ताकि उन्हें इस बात की आत्मिक खुशी और संतोष मिले कि उनके या उनके परिजनों के नाम पर एक पूरा वन पनप रहा है। इसी सोच के तहत आज रोपे गए 50 पौधों के समूह को ‘सना वन’ नाम दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनुराधा ने वन विभाग का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वन विभाग के सहयोग और मार्गदर्शन के बिना इस तरह के हरित प्रयासों को धरातल पर उतारना संभव नहीं था। संस्था की इस पहल की स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों ने जमकर सराहना की है। अपनों के नाम पर ‘स्मॉल वन’ लगाने का यह विचार न केवल पौधारोपण को बढ़ावा देगा, बल्कि लगाए गए पौधों की दीर्घकालिक देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगा।