आगरालीक्स…आगरा में तड़पाने वाली गर्मी पड़ रही है. न तो दिन में चैन मिल रहा है और न रात को आराम. एक बार फिर से लू का अलर्ट जारी. जानिए मौसम का पूरा अपडेट
आगरा में गर्मी ने अपने सारे रिकॉर्ड तोड़कर रख दिए हैं. जिले में पड़ रही भीषण गर्मी से हर कोई हलकान है. दिन प्रतिदिन तापमान बढ़ रहा है और गर्मी के तेवर हैं कि वो कम होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं. अब तो न तो दिन को चैन मिल रहा है और न ही रात को आराम. रात का तापमान भी अब बढ़ने लगा है. वहीं मौसम विभाग ने एक बार फिर से लू का अलर्ट जारी किया है. बुधवार को भी सूरज की तेज किरणों के साथ सुबह की शुरुआत हुई. नौ बजे के बाद तो धूप में एक पल ठहरना भी मुश्किल लग रहा था. 12 बजे के बाद ऐसा लग रहा था कि मानो आसमान से आग बरस रही हो. दिन के समय जरूरी काम से जाने वाले ही बाहर निकल रहे थे. शहर की कॉलोनियां तो दोपहर को सूनसान हो जा रही हैं. सन्नाटा पसर जाता है.

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा और यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं दिखाई दे रही है. आने वाले सप्ताह में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है. 14 और 15 मई को लूट की संभावना है.