आगरालीक्स…आगरा में पेट्रोल पंप वालों ने 2000 का नोट लेने पर लगाई शर्त. अपनी मजबूरी भी बताई
रिजर्व बैंक आफ इंडिया की ओर से 2000 के नोट को प्रचलन से बाहर कर दिया गया है. किसी के पास 2000 का नोट है तो वह उसे बैंक एकाउंट में जमा करा सकता है और अगर उसका बैंक एकाउंट नहीं है तो वह पास की ही किसी भी बैंक की किसी भी शाखा में जाकर उस नोट को एक्सचेंज करा सकता है. 19 मई को आरबीआई द्वारा जारी की गई इस अधिसूचना के बाद से लोग 2000 के नोट को लेने में संशय बरत रहे हैं. किसी को मार्केट में शापिंग करने जानी हो या फिर पेट्रोल भरवाने पेट्रोल पंप पर, वह सीधे 2000 का नोट ही दिखाता है, ऐसे में कई लोगों ने तो 2000 के नोट को लेने से ही मना कर दिया है.

पेट्रोल पंप वालों ने लगाई ये शर्त
2000 के नोट को लेकर सबसे ज्यादा परेशानी पेट्रोल पंप वालों को हो रही है. जब से 2000 के नोट को लेकर आरबीआई के दिशा निर्देश जारी हुए हैं तब से ज्यादातर लोग पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान करने के लिए 2000 का नोट ही दे रहे हैं. ऐसे में पेट्रोल पंप वालों ने भी अब इसे लेने से मना कर दिया है और इसे लेने के लिए अपने एक शर्त जारी की है. आगरा पेट्रोल एसोसिएशन की ओर से चस्पा किए गए पर्चे पर शर्त जारी की गई है जिसमें लिखा गया है कि 2000 के करेंसी नोट को केवल 2000 रुपये अथवा अधिक की खरीद पर ही स्वीकार किए जाएंगे. करेंसी को बदले जाने का प्रावधान बैंकों तक ही सीमित है. पेट्रोल पंप पर 50 या 100 रुपये की खरीद पर भुगतान दो हजार के करेंसी नोट से नहीं किया जाएगा.