आगरालीक्स …आगरा में मानकों की अनदेखी से चल रहा 27 बड़े अस्पतालों के खिलाफ उच्च न्यायालय में दायर याचिका स्वीकार, नोटिस जारी कर 24 जनवरी 2023 तक जवाब देते हुए अपना पक्ष रखने के लिए कहा है।

सपोर्ट इंडिया के अध्यक्ष सुरेश चंद सोनी, महासचिव ब्रजेश चाहर ने रविवार को प्रेसवार्ता की, बताया कि जिले में 27 अस्पताल नामजद एवं करीब एक हजार निजी अस्पताल मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे हैं। निजी अस्पतालों में अग्निशमन, जल एवं वायु प्रदूषण, बायो मेडिकल वेस्ट, आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा लगाई आपत्तियों को दूर नहीं किया है। आवासीय भवनों में अस्पताल संचालित हाे रहे हैं।
याचिकाकर्ता के अनुसार उच्च न्यायालय में जनहित याचिका की सुनवाई की गई। न्यायालय द्वारा 23 नवंबर को जारी आदेश में उच्च न्यायालय ने मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य महानिदेशक, डीएम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व एसएसपी को नोटिस जारी किया है। सभी पक्षकारों से 24 जनवरी 2023 तक नोटिस का जवाब उच्च न्यायालय में प्रस्तुत करना है।