आगरालीक्स…आगरा में रिटायर्ड फौजी ने वो काम किया जो सरकार नहीं कर सकी. पीएम मोदी ने फोन किया—बोले, तुम पर नाज है…आप भी जानें इनकी कहानी
आगरा के दो भाइयों की इस समय पूरे देश में चर्चा हो रही है. प्रधानमंत्री मोदी ने भी इनकी तारीफ फोन करके की है. दोनों भाइयों से फोन पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आप पर देश और समाज को नाज है. इन दो भाइयों में एक रिटायर्ड फौजी है. इन्होंने वो काम किया जो कि सरकार भी नहीं कर सकी. गांव वालों के लिए मीठा पानी उपलब्ध कराने के लिए इन्होंने अपनी पूरी कमाई लगा दी. दोनों भाइयों को राजभवन लखनऊ बुलाया गया है जहां आज दोनों ने राज्यपाल के साथ प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात सुनी है.

इसलिए प्रधानमंत्री ने इनको कहा—तुम पर है नाज
ये पूरा मामला है अछनेरा ब्लौक क्षेत्र के कचौरा गांव का. यहां दो भाई कुंवर सिंह और श्याम सिंह रहते हैं. श्याम सिंह सेना में नौकरी करते थे और 31 जुलाई 2018 को रिटायर होकर घर आ गए. गांव में पानी का बड़ा संकट था. आबादी करीब 10 हजार है लेकिन पानी के लिए लोगों को काफी परेशान होना पड़ता था. श्याम के भाई कुंवर गांव के प्रधान हैं. श्याम सिंह ने जब पानी का संकट देखा तो उन्होंने अपने भाई कुंवर से बात की. दोनों लोगों ने मीठे पानी का प्लान तैयार किया. श्याम ने रिटायरमेंट में मिली अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर गांव में स्वच्छ और मीठा जल उपलब्ध कराने का काम शुरू किया. दोनों भाइयों ने गांव से तीन किलोमीटर दूर मीठे पानी की पाइपलाइन बिछाने की योजना बनाई.
अगस्त 2018 में दोनों भाइयों ने निजी खर्च पर पाइपलाइन बिछाने काम शुरू किया. गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर एक नहर है जहां मीठे पानी का स्रोत मिला. इस पर पहले जमीन खरीदी गई और फिर बोरिंग कराई गई. इसके बाद वहां से गांव के लिए पाइपलाइन बिछाना शुरू किया. इस पूरे काम में 32 लाख रुपये खर्च हुए जिसमें 5 लाख जमीन खरीदने और 27 लाख रुपये बोरिंग और पाइपलाइन बिछाने में खर्च हुए. करीब एक साल तक यह काम चला जिसके बाद वर्ष 2020 के अंत तक कचौरा गांव के हर घर तक मीठा पानी पहुंचा. आज भी दोनेां भाई नियमित रूप से सुबह—शाम पानी की मोटर चालू करने के लिए तीन किलोमीटर दूर जाते हैं. इससे पूरे गांव को हर समय मीठा पानी मिलता है.
मां का सपना किया पूरा
पूर्व फौजी श्याम सिंह ने बताया कि उनकी मां 2020 में यहां की प्रधान बनीं. गांव में पानी की विकट समस्या थी जिसे वह दूर करना चाहती थीं, लेकिन उस समय पैसे का अभाव था इसलिए समस्या हल नहीं हो पाई. 2020 में भाई कुंवर सिंह जनता द्वारा प्रधान चुने गए. दोनों भाइयों का कहना है कि गांव के हर घर में अब मीठा पानी आता है, यह मां का सपना था जो अब पूरा हुआ है.
दोनो भाइयों के इस काम की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंची तो उन्होंने भी कुंवर सिंह और श्याम सिंह के काम की सराहना की. उनके पास कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री कार्यालय से फोन आया. इसके बाद कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी आपस बात करेंगे. प्रधानमंत्री ने फोन पर हमसे बात की, हमारे काम को काफी सराहा. इसको लेकर उनका पूरा परिवार और गांव बहुत खुश है.