आगरालीक्स…आगरा में शराब पीने के लिए बाइक सवार को लूटा. थप्पड़ मारे और पैसों के साथ बाइक और मोबाइल भी लूट ले गए. इस तरह पुलिस ने तीनों बदमाशों को पकड़ा…
आगरा की थाना हरीपर्वत पुलिस ने कंपाउंडर के साथ मारपीट कर बाइक व मोबाइल लूटने वाले तीन बदमाशों को आईएसबीटी से अरेस्ट किया है. इन तीनों ने शराब पीने के लिए बाइक सवार कंपाउंडर को रोका और उसके साथ मारपीट की. बाद में पैसों के साथ बाइक और मोबाइल भी लूट ले गए. पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया. पकड़े गए आरोपियों के नाम विष्णु शर्मा निवासी राजस्था, लाखन ओझा निवासी निबोहरा आगरा और दादू बैरागी निवासी धौलपुर हैं. पुलिस ने तीनों के पास से बाइक और दो मोबाइल बरामद किए हैं.
शराब पीने के लिए की थी लूट
एसपी हरीपर्वत ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की गई तो पता चला कि 18 फरवरी को तीनों एक मामले में कोर्ट में सुनवाई के लिए आए थे. तीनों होटल पीएल पैलेस के पास बैठे थे. शराब पीनी थी लेकिन इनके पास पैसे नहीं थे. ऐसे में इन्हें बाइक पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया. लाखन ने लात मारकर बाइक गिरा दी और उससे बाइक की चाबी छीन ली. पीड़ित बाइक सवार दीपांशु राजपूत था जो कि दिल्ली गेट पर डॉ. अनिल गौड़ की क्लीनिक पर कंपाउंडर है. तीनों बदमाशों ने इसके पास से पैसे निकाल लिए और फिर बाइक और मोबाइल लेकर भाग गए. ठेके के पास इन्होंने 500 रुपये में मोबाइल बेच दिया और उससे शराब खरीद ली. शिकायत के बाद पुलिस इन तीनों की तलाश में थी. सीसीटीवी फुटेज में तीनों बाइक लूटकर ले जो हुए दिखाई दिए थे. इसके बाद इन्हें आज बुधवार को आईएसबीटी से अरेस्ट किया गया है.