आगरालीक्स…शेयर मार्केट में 60 लाख रुपये डूबे तो गैंग बना लिया. आनलाइन हथियार मंगाए और यूट्यूब से सीखा चोरी करना, लेकिन पहली वारदात में ही चढ़ गए पुलिस के हत्थे…24 घंटे में सुनार की दुकान पर हुई चोरी का खुलासा….
आगरा की थाना कमला नगर पुलिस ने 24 घंटे के अंदर क्षेत्र के श्रीराम कांप्लेक्स में सराफा की दुकान से दस किलो से अधिक चांदी और जेवरात चोरी के मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस ने शत-प्रतिशत चोरी का माल भी बरामद किया है. घटना में गैंग का सरगना नवजोत सिंह उर्फ करमजीत सिंह उर्फ जानी समेत तीन आरोपियों को अरेस्ट किया गया है. घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि चोरी के खुलासे के लिए कमला नगर इंस्पेक्टर उत्तम चंद पटेल के साथ क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग व स्वाट टीम को लगाया गया था. पुलिस ने आसपास के करीब चार दर्जन से अधिक सीसीटीवी चैक किए तो उन्हें संदिग्ध लग्जरी का का नंबर मिला. जिसके बाद घटना का खुलासा हो गया.

गैंग का सरगना है नवजोत सिंह
जिस कार नंबर को पुलिस ने ट्रैस किया वह नवजोत सिंह की निकली. नवजोत कमला नगर के डी ब्लॉक में रहता है और मूलरूप से हाथरस का रहने वाला है. पूछताछ में उसने बताया कि वह यहां पर किराए पर रहता है. नवजोत ने बताया कि उसे शेयर मार्केट में करीब 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ था जिसकी भरपाई करने के लिए उसने गैंग बनाया और इस वारदात को अंजाम दिया लेकिन पुलिस ने पहली ही वारदात में आरोपी को दबोच लिया.
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने नवजोत के घर से चोरी का माल व हथौड़ा आदि बरामद किया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके मित्र मनोज निवासी हाथरस को भी पकड़ा जो कि बिजली मिस्त्री है. यही नहीं उसके एक अन्य साथी कमल सिंह उर्फ बुद्धा निवासी हरदुआगंज अलीगढ़ को भी अरेस्ट किया है. वह वेल्डिंग का काम करता है. एसपी सिटी के अनुसार नवजोत के घर से पुलिस ने उसका लैपटॉप चेक किया तो पता चला कि वह करीब एक महीने से यूट्यूब पर शटर तोड़ने, ताले तोड़ने के तरीके देख रहा था. उसने इसके लिए हथियारों को भी आनलाइन मंगाया था.