आगरालीक्स…आगरा के एमजी रोड पर डीएम आवास के सामने एक्सीडेंट में महिला की मौत. मेट्रो अधिकारियों ने कहा—गड्ढों के कारण नहीं हुआ एक्सीडेंट, वहां कोई गड्ढे नहीं. यूपीएमआरसी ने एक्सीडेंट का कारण ये बताया…
आगरा में काले का ताल, आरबीएस डिग्री कॉलेज के पास के रहने वाले प्रदीप सक्सेना अपनी पत्नी 55 साल की मीनू के साथ बाइक से साईं की तकिया होकर कलक्ट्रेट की तरफ आ रहे थे. डीएम आवास के पास प्रदीप की बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठीं पत्नी मीनू एमजी रोड पर गिर गईं. इसी दौरान पीछे से ट्रक आ गया, ट्रक ने एमजी रोड पर गिरी मीनू को चपेट में ले लिया. मीनू के ऊपर से ट्रक निकल गया, हादसे में मीनू की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे का कारण मेट्रो निर्माण के कारण सड़कों पर हुए गड्ढों को बताया जा रहा था लेकिन आगरा मेट्रो के अधिकारियों ने इसका खंडन करते हुए कहा है कि जिस जगह ये हादसा हुआ है वहां कोई गड्ढा नहीं है. गड्ढों के कारण एक्सीडेंट की खबर पूरी तरह से निराधार है.ये बताया कारण
मेट्रो आगरा के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय ने बताया कि एमजी रोड पर जिलाधिकारी आवास के निकट आज एक सड़क दुर्घटना का दुर्भाग्यपूर्ण समाचार प्रकाश में आया है जिसमें बाइक में सवार एक महिला की दुखद मृत्यु हो गई. यूपीएमआरसी इस घटना पर पर अपनी संवेदना व्यक्त करता है और शोक संतप्त परिवार के लिए प्रार्थना करता है. इस समाचार के संबंध में अवगत कराना है कि कुछ मीडिया पोर्टल एवं समाचार ग्रुपों में इस सड़क दुर्घटना का कारण सड़क पर मेट्रो कार्य से हुए गड्ढों को बताया जा रहा है, जो सही नहीं हैं. इस रोड पर मेट्रो ने पिलर निर्माण के लिए सुरक्षित बैरिकेडिंग कर रखी है जिससे निर्माण कार्य के साथ सड़क पर सुगम आवाजाही सुनिश्चित की गई है. सड़क पर कार्य के दौरान सुनिश्चित किया गया कि गाड़ी चलाने में मेट्रो के कार्य की वजह से कोई असुविधा न हो. जांच में दुखद दुर्घटना स्थल पर सड़क में किसी भी तरह के गड्ढे नहीं दिख रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला बाइक में पीछे बैठी थी और ताजगंज की ओर जा रही थी. बाइक एक ट्रक के आगे थी. उसी वक्त पेट्रोल पंप के पास से रॉन्ग साइड से एक एक्टिवा टू व्हीलर सवार एमजी रोड की ओर अचानक बाइक सवार के सामने आ गया जिसे सामने देख बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया एवं बाइक का हैंडल बगल में चल रहे ट्रक से जा लड़ा, नतीजन पीछे सीट पर सवार महिला ने अपना संतुलन खो दिया एवं नीचे गिर गईं और दुर्भाग्यपूर्ण रूप से ट्रक के नीचे आ गईं.