आगरालीक्स…आगरा में प्री ताज महोत्सव 14 से. जानिए क्या होगा खास. स्थानीय कलाकारों व लोक संगीत को भी मंच देने की मांग
हर साल फरवरी में ताज महोत्सव का आयोजन होता है लेकिन इस बार अक्टूबर के महीने में ‘प्री ताज महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है. आगरा में नाइट टूरिज्म को बढ़ाने के उद्देश्य से मंडलायुक्त की ओर से यह पहल की गई है. प्री ताज महोत्सव शिल्पग्राम में लगभग एक महीने तक आयोजित होगा जो 14 अक्टूबर से 14 नवंबर 2023 तक चलेगा. यह सांस्कृतिक महोत्सव ‘उत्तर प्रदेश थीम’ पर आयोजित होगा. जिसमें देशी-विदेशी पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए यूपी के विभिन्न जिलों के उत्पादों की प्रदर्शनी, प्रसिद्ध खान पान की स्टालें लगाई जाएंगी, साथ ही मनोरंजन हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक भी देखने को मिलेगी.
आगरा मंडल के उदीयमान कलाकारों व संगीत प्रेमियों ने मंडलायुक्त की इस पहल को सराहा है लेकिन साथ ही उन्होंने कुछ मांग भी की है. आगरा के गायक और एक्स फैक्टर फेम करतार सिंह का कहना है कि कई वर्षों से आगरा में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभाग की कोई भूमिका नजर नहीं आती जो कि एक विचारणीय प्रश्न है. उन्होंने मंडलायुक्त से आग्रह किया कि 14 अक्टूबर से होने जा रहे प्री ताज महोत्सव में लोक संगीत को यथा स्थान देकर इस ब्रज प्रदेश आगरा के कलकारों के साथ न्याय करें.
बैठक में मंडलायुक्त ने ‘प्री ताज महोत्सव’ में यूपी की ODOP उत्पादों की प्रदर्शनी और प्रसिद्ध लज़ीज़ व्यंजन की स्टालें लगाने के निर्देश दिए। प्रत्येक दिन विख्यात व प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। मंडलायुक्त ने पूरे कार्यक्रम स्थल को उत्तर प्रदेश-राजस्थानी-गुजराती संस्कृति के परिवेश में रंगे जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जगह-जगह गरबा-डांडिया नृत्य और हाथी-ऊँट की सवारी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि प्री ताज महोत्सव एक भव्य और शानदार आयोजन होना चाहिए। इसलिए इसकी तैयारियों में खानापूर्ति न की जाए। इस महोत्सव के लिए शिल्पग्राम स्थल को इस तरह से तैयार किया जाएगा कि ताजमहल देखने आने वाला हर पर्यटक प्री ताज महोत्सव में जरूर शामिल हो।