आगरालीक्स…जनकपुरी देखने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़. राम और सिया के दर्शन को लालायित दिखे शहरवासी…कल होगी मां सीता की विदाई.
संजय प्लेस में सजी जनकपुरी महोत्सव को देखने के लिए दूसरे दिन भी लोगों की भीड़ उमड़ी. संजय प्लेस से आजाद पेट्रोल पंप वाले रोड को राजपथ बनाया गया है और इस राजपथ पर आज जबर्दस्त भीड़ दिखाई दी. अपने प्रभु श्रीराम और माता जानकी को देखने के लिए लोग लालायित दिखे. हर किसी की बस एक ही हसरत थी प्रभु राम, उनके अनुजों और माता सीता के दर्शन की. जनकमहल के मुख्य मंच पर विराजमान श्रीराम उनके अनुज और माता सीता के स्वरूप के दर्शन करने को हर कोई लालायित था. लोगों ने पहले दर्शन किए और फिर जनकपुरी को निहारा.
आकर्षक लाइटिंग ने मोहा मन
जनकपुरी में हर ओर विद्युत झालरों की आकर्षक सजावट की गई. रोशनी से नहाई जनकपुरी, नयनाभिराम नजारे और उस पर मां जानकी का अनोखा श्रृंगार. भला कैसे श्रद्घालु खुद को रोकते. दर्शन के लिए ललायित लोग. प्रभु राम, उनके अनुज और माता सीता के दर्शन को मानों पूरा शहर जनकपुरी में उमड़ आया हो. मुख्य स्थल को जाने वाले हर रास्ते पर तिल रखने को भी जगह नहीं दिखी. दुल्हन की तरह सजी जनकपुरी संजय प्लेस को जी भर कर निहारा.
सीता विदाई कल
जनकपुरी महोत्सव में कल सीता विदाई का मंचन किया जाएगा. भावुक नेत्रों के साथ माता सीता को जनकपुरी से श्रीराम के साथ विदा किया जाएगा.