आगरालीक्स…आगरा में निकली महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव पर शोभा यात्रा. हर बाजार—चौराहों पर हुई पुष्प वर्षा
महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के अवसर पर श्री अग्रसेन समाज समिति खेरिया मोड़ आगरा द्वारा नगर में विशाल व भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल मनमोहक झांकियां व बैंड आकर्षण का केंद्र रहा। शाम 4 बजे भव्य शोभायात्रा गोयल स्टिल्स धनोली से प्रारंभ हुई। हर बाजार-चौराहों पर पुष्प वर्षा की गई व शोभा यात्रा अग्रसेन महाराज के जयकारों से गूंज उठी। शोभा यात्रा का शुभारंभ डॉक्टर जीएस धर्मेश (विधायक आगरा छावनी), मुरारी लाल फतेहपुरिया आदि द्वारा स्वरूप महाराजा अग्रसेन जी बने अक्षय कुमार तायल एवं महारानी माधवी बनी सुधा तायल झांकी पर तिलक लगाकर किया गया।
शोभायात्रा नगर के नगला बुद्धा, नरिपुरा कमाल खां, संगम विहार, नगला भोजा, खेरिया मोड़, सब्जी मंडी, अजित नगर, अर्जुन नगर से होते हुई संस्कार सेवा सदन पहुचकर सम्पन्न हुई। अग्रसेन महाराज वंश की कुलदेवी महालक्ष्मी है और इनके भक्तों पर धन की अपार कृपा रहती है। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में समाज की महिलाएं यात्रा में कलश लेकर शामिल हुई और घोड़ों पर सवार युवाओं के अलावा विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां भी निकाली गई।
शोभा यात्रा में अध्यक्ष अक्षय कुमार तायल, महासचिव अखिलेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष हरेश गोयल, विनोद गोयल अध्यक्ष अग्रवाल महासभा, भगवान दास बंसल, टीएन अग्रवाल, सुनील विकल आदि एवं शहर के गणमान्य नागरिक व जनप्रतिनिधिगण मुख्य तौर पर मौजूद रहे। शोभा यात्रा का नगर में करीब एक दर्जन स्थानों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं व नेताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। राम बाबू हरित ने बताया कि अग्रसेन जी ने एक ईंट और एक रुपये का नारा देकर हरेक जरूरतमंद की आवश्यकता पूरी करने की बात कही थी।