आगरालीक्स…आगरा में दर्दनाक हादसा. ट्रेन की चपेट में आए रेलवे के अवर अभियंता. ट्रैक का निरीक्षण करते समय हुआ हादसा. धड़ से अलग हो गए दोनों पैर…
आगरा—झांसी रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक हादसा हुआ है. सैयां में रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करते समय रेलवे के अवर अभियंता ट्रेन की चपेट में आ गए. हादसे में उनके दोनों पैर कटकर अलग हो गए. सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस और कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल जेई को एसएन में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत गंभीर है.
घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जाजऊ रेलवे स्टेशन के पास की है. रेलवे के एफएमआई विभाग में मनोज सैनी अवर अभियंता के पद पर हैं. जाजऊ स्टेशन के पास ब्लॉक लेकर मशीन से काम किया जा रहा था. इस दौरान मनोज सैनी अंडरपास के पास मशीन से नीचे उतरकर डाउन ट्रैक पर पैदल चलकर निरीक्षण कर रहे थे. भांडई की ओर से आ रही पैसेंजर ट्रेन ने उन्हें चपेट में ले लिया. हादसे में उनके दोनों पैर कटकर धड़ से अलग हो गए. सूचना पर पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और घायल मनोज सैनी को सीएचसी सैयां ले जाया गया यहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.