आगरालीक्स…आगरा में 9 सितंबर से शुरू होगा रामलीला महोत्सव. जानिए मुकुट सवारी, गणेश जी की सवारी, रावण दुहाई से लेकर रामबारात और जनकपुरी के कार्यक्रम कब-कब होंगे.
आगरा में दो साल बाद रामलीला महोत्सव शुरू होने जा रहा है. ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव का शुभारंभ अनन्त चतुर्दशी पर नौ सितम्बर को श्री गणेश व मुकुट पूजन से होगा- अगले दिन से शोभायात्राओं का क्रम शुरू हो जायेगा- मनःकामेश्वर नाथ के मुकुट की सवारी, गणेश जी की सवारी और रावण की दुहाई की सवारी के नगर परिभ्रमण के बाद 14 सितम्बर से रामलीला मैदान में लीलाओं के मंचन की शुरुआत हो जाएगी- पहले दिन नारद मोह की लीला के बाद अगले दिनों में आकाशवाणी लीला, रामजन्म लीला, सीता जन्म, ताड़का वध की लीला, अहिल्या उद्धार, पुष्पवाटिका, धनुष यज्ञ व जनकपुरी से निमंत्रण की लीलाएं होंगी.

श्रीराम बरात 21 सितम्बर पूरी भव्यता के साथ नगर परिभ्रमण करेगी और अगले दिन सुबह जनकपुरी पहुंचेगी. जनकपुरी इस बार दयालबाग में सजाई जायेगी. वहां भी तीन दिन मुख्य आयोजन होंगे. 21 को सीता जी के डोले का भ्रमण, 22 सितम्बर को बढ़हार, 23 को विदाई होगी.
अगले दिन 24 सितम्बर से पुनः रामलीला मैदान में लीलाओं का मंचन शुरू हो जायेगा. कोपभवन, राम वनवास, जयंत, सूर्पनखा लीला, सीता हरण, शबरी, हनुमान मिलन, लंका दहन, विभीषण शरणागति, लक्ष्मण शक्ति आदि प्रतिदिन की लीलाओं के बाद तीन अक्टूबर को कुम्भकर्ण वध, चार अक्टूबर को मेघनाथ वध और पांच अक्टूबर को दशहरे के दिन रावण वध की लीला व आतिशबाजी होगी. छह अक्टूबर को रावतपाड़ा तिराहे पर भरत मिलाप की लीला और आठ अक्टूबर को श्रीराम के राज्याभिषेक की लीला रामलीला मैदान में होगी. नौ अक्टूबर को मास परायण, हवन के साथ महोत्सव का समापन हो जायेगा.