आगरालीक्स…आगरा में एक ही दिन में हुआ रिकॉर्ड 1478 यूनिट रक्तदान. शिविर में ब्लड दान करने के लिए उमड़े व्यापारी. 80 प्रतिशत जेनजी की भागीदारी रही.
आगरा व्यापार मंडल ने अपने चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए 1478 यूनिट रक्तदान कर नया इतिहास रच दिया। दरेसी स्थित रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर में व्यापारी समाज, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने रक्तदान किया. खास बात ये रही कि रक्तदान करने वालों में 80 प्रतिशत जेनजी की भागीदारी रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, एमएलसी विजय शिवहरे, महामंत्री उप्र उद्योग व्यापार मंडल एवं सदस्य राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड राजेंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक रामबाबू हरित सहित अतिथियों ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। आगरा व्यापार मंडल ने 1478 यूनिट रक्तदान कर समाज के सामने सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आगरा का व्यापारी समाज हमेशा सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रहा है। अपने ही रक्तदान रिकॉर्ड को तोड़कर 1478 यूनिट रक्तदान करना व्यापारी समाज की एकजुटता और सेवा भावना का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के अन्य वर्गों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पूर्व विधायक रामबाबू हरीश, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग एवं एमएलसी विजय शिवहरे ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए आगरा व्यापार मंडल के इस सेवा अभियान की सराहना की। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड राजेंद्र गुप्ता ने आगरा व्यापार मंडल को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन की उम्मीद है। उन्होंने रक्तदाताओं की सेवा भावना की सराहना की।
व्यापारी समाज की एकजुटता से बना रिकॉर्ड : टीएन अग्रवाल
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, सदस्य संस्थाओं, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे व्यापारी समाज की सामूहिक शक्ति और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल ने अपने सामाजिक दायित्व को निभाते हुए यह संदेश दिया है कि व्यापारी समाज जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
लोकहितम ब्लड बैंक ने संभाली चिकित्सा व्यवस्था
शिविर में रक्तदाताओं की सुविधा एवं सुरक्षित रक्तदान के लिए लोकहितम ब्लड बैंक, कमला नगर की ओर से आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं तकनीकी स्टाफ की देखरेख में रक्तदाताओं का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त संग्रह किया गया। डॉ नीतू चौहान के नेतृत्व में एसएन मेडिकल कॉलेज की ब्लड बैंक टीम का विशेष सहयोग रहा।