आगरालीक्स…आगरा में रोटरी क्लब ऑफ आगरा ने समर्पण ब्लड बैंक को भेंट की 36 लाख की रक्तदान एवं परिवहन वैन. वैन में तीन डोनरों से रक्त संग्रह की सुविधा, अत्याधुनिक तकनीकों से लैस…
रोटरी क्लब ऑफ आगरा द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए समर्पण ब्लड बैंक, दिल्ली गेट, आगरा को एक अत्याधुनिक रक्तदान एवं परिवहन वैन समर्पित की गई। लगभग 36 लाख की लागत से तैयार यह वैन रोटरी इंडिया फाउंडेशन के CSR इंडिया ग्रांट के अंतर्गत, अतुल इंजीनियरिंग उद्योग प्राइवेट लिमिटेड, आगरा के सौजन्य से प्रदान की गई है। यह वैन न केवल मोबाइल ब्लड कलेक्शन की अत्याधुनिक तकनीकों से लैस है, बल्कि इसमें एक साथ तीन डोनरों से रक्त संग्रह की सुविधा, ठंडा रखने की व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा उपकरण, एयर कंडीशनिंग और रक्त संग्रह समन्धित सभी व्यवस्था भी की गई है, जिससे यह ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में रक्तदान शिविरों के संचालन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आगरा मंडल के मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 के मंडलाध्यक्ष रोटेरियन नीरव निमेष अग्रवाल उपस्थित थे। वैन की चाबी अतुल ग्रुप के चेयरमैन रोटेरियन राम सरन मित्तल और रोटरी क्लब ऑफ आगरा की अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पणिकर की गरिमामयी उपस्थिति में, समर्पण समिति के अध्यक्ष योगेश कंसल एवं समर्पण हॉस्पिटल के निदेशक अजय कंसल को सौंपी गई।
रोटरी क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पणिकर ने बताया कि समर्पण ब्लड बैंक की ओर से यह चिंता साझा की गई थी कि वैन न होने के कारण कई बार उन क्षेत्रों में रक्तदान शिविर आयोजित नहीं हो पाते, जहाँ संसाधनों की कमी होती है। इसी समस्या के समाधान हेतु इस प्रोजेक्ट को रोटरी इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से आकार दिया गया। उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य है कि रक्त की आवश्यकता से कोई जान न जाए, और यह वैन उसी दिशा में हमारा ठोस प्रयास है।" समर्पण समिति के अध्यक्ष योगेश कंसल ने जानकारी दी कि वर्तमान में आगरा शहर में केवल एक ही ब्लड डोनेशन वैन कार्यरत है। नई वैन के आगमन से ब्लड कलेक्शन की गति में न केवल तेजी आएगी बल्कि दूरदराज़ के क्षेत्रों में भी आसानी से शिविर लगाए जा सकेंगे, जिससे रक्त संग्रहण में बढ़ोतरी होगी।
अतुल इंजीनियरिंग उद्योग प्रा. लि. के चेयरमैन रोटेरियन राम सरन मित्तल ने इस अवसर पर कहा, "हमने अब तक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जैसे कई क्षेत्रों में समाज सेवा की है, पर यह वैन हमारे द्वारा अब तक किए गए कार्यों में सबसे ज्यादा जीवनदायी सिद्ध होगी। लाखों लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।" मुख्य अतिथि मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने इस नेक पहल की सराहना करते हुए कहा कि, "रोटरी क्लब ऑफ आगरा एवं अतुल इंजीनियरिंग द्वारा प्रस्तुत यह रक्तदान वैन वास्तव में समाज के लिए एक अमूल्य उपहार है। यह शहर में रक्त की आपूर्ति बढ़ाने में सहायक होगी और जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने में सहायक बनेगी।"
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3110 के मंडलाध्यक्ष रोटेरियन नीरव निमेष अग्रवाल ने कहा कि रोटरी विश्व स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के सशक्तिकरण में संलग्न है। यह वैन उसी वैश्विक प्रतिबद्धता का एक हिस्सा है जो हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाने का प्रयास कर रही है। इस गरिमामयी अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ आगरा के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें विशेष रूप से क्लब सचिव रोटेरियन इंजीनियर आशीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रोटेरियन उदित बंसल, रोटेरियन डॉ. आलोक मित्तल, रोटेरियन दिगम्बर सिंह धाकरे, रोटेरियन राजीव लोचन भारद्वाज, रोटेरियन जीतेन्द्र जैन, रोटेरियन मनोज आर. कुमार, रोटेरियन सुनील कपूर सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।