आगरालीक्स…आगरा में सामूहिक एकादशी उद्यापन 8 और 9 अप्रैल को. 51 जोड़ों ने लिया संकल्प
सियाराम सेवा समिति द्वारा प्रथम सामूहिक एकादशी उद्यापन समारोह का आयोजन अग्र धाम सेवा सदन सेवला में किया जाएगा। 8 और 9 अप्रैल को आयोजित सामूहिक एकादशी समारोह में करीब 51 जोड़ो के एकादशी उद्यापन का संकल्प लिया गया है। शनिवार को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन के पुष्पांजलि सभागार में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह के दौरान समिति के पदाधिकारीयों ने कार्यक्रम की जानकारी दी। सियाराम सेवा समिति के संरक्षक भगवान दास बंसल एवं विष्णु दयाल बंसल ने बताया कि समारोह में 26 कथाओं के लिए 26 पंडितों जोड़ों सहित की व्यवस्था की गई है। सनातन धर्म में एकादशी का बड़ा महत्व है। धार्मिक आयोजन हमें सकारात्मक ऊर्जा ही नहीं बल्कि आध्यात्मिक आत्मबल भी प्रदान करते हैं। इसी उद्देश्य के साथ समिति के द्वारा प्रथम एकादशी उद्यापन समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
ये होंगे कार्यक्रम
8 अप्रैल मंगलवार को कामदा एकादशी है। इस दिन अग्रधाम सेवा सदन, सेवला में प्रातः 10:00 बजे से एकादशी व्रत कथा ब्राह्मण भोज फलाहार का कार्यक्रम होगा एवं शाम को 7:00 बजे से श्री खाटू श्याम जी की भजन संध्या आयोजित की जाएगी। बुधवार 9 अप्रैल को प्रसादी एवं प्रीतिभोज के साथ एकादशी उद्यापन का विधि विधान से समापन किया जाएगा। जिसमें वैदिक रीति रिवाज से आचार्यों की मौजूदगी में हवन यज्ञ के साथ दान दक्षिणा का कार्यक्रम होगा। कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष की 12, 12 एकादशी के अलावा अधिक मास की दो कथाओं के साथ 26 कथाओं का आयोजन समारोह में विधि विधान से संपन्न होगा। समारोह में समिति की महिला मंडल द्वारा कार्यक्रम के दोनों दिन मंगल गीतों के साथ महिलाएं पीत वस्त्र धारण कर एकादशी उद्यापन करने वाले जोड़ों के सहयोग के लिए तत्पर रहेंगी।