आगरालीक्स…आगरा में टारगेट पर ‘संजय प्लेस’. जनकपुरी आयोजन के ऐलान के साथ ही सड़क पर खड़ी गाड़ियों के हो रहे चालान, अतिक्रमण करने वाले भी निशाने पर…
आगरा में इस बार जनकपुरी महोत्सव शहर के बीचों बीच और प्रसिद्ध मार्केट संजय प्लेस में होने जा रहा है. एक ओर जहां व्यापारियों ने कमेटी गठित करने के साथ ही महोत्सव के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं तो वहीं दूसरी ओर यातायात पुलिस द्वारा संजय प्लेस को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए टारगेट पर लिया गया है. यहां हाल ही में सड़क का निर्माण भी किया गया है.

यातायात पुलिस की ओर से हर दिन सड़क पर अवैध रूप से खड़ी होने वाली गाड़ियों के चालान किए जा रहे हैं और इसके अलावा यातायात पुलिस क्रेन द्वारा गाड़ियों को उठाकर ले भी जाया जा रहा है. संजय प्लेस के अलावा शहर में भी इस समय अतिक्रमण के खिलाफ जोरदार अभियान चल रहा है. इसके अलावा वाहनों के शीशों पर लगी काली फिल्म को भी उतारा जा रहा है.