आगरालीक्स…आगरा में फीस जमा न होने पर स्कूल ने रोका बच्ची का रिजल्ट. आनलाइन पढ़ाई के बावजूद ट्रांसपोर्ट फीस मांगने का आरोप. डीएम आफिस में दर्ज कराई शिकायत
आगरा के एक नामी स्कूल के खिलाफ स्कूल की छात्रा ने पेरेंट्स यूनियन की संस्था पापा के साथ मिलकर जिला मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि स्कूल ने आनलाइन परीक्षा के दौरान ट्रांसपोर्ट फीस लेना शुरू कर दिया और जब फीस जमा नहीं की गई तो छात्रा का रिजल्ट रोक दिया गया. टीम पापा ने प्रशासन से स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

आगरा के डीपीएस स्कूल में कक्षा 4 में पढ़ने वाली छात्रा आस्था शनिवार को टीम पापा संस्था के पदाधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट पहुंची. यहां उसने डीएम आफिस में स्कूल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. आस्थ ने आरोप लगाया कि कोरोना काल में आनलाइन पढ़ाई हुई और स्कूल बंद थे लेकिन इसके बाद भी स्कूल की ओर से ट्रांसपोर्ट फीस की मांग की जा रही है. फीस न देने पर उसका रिजल्ट रोक दिया गया है. इधर टीम पापा के मुनेंद्र जादौन का कहना है कि स्कूल सरकार के नियमों का उल्लंघन कर रहा है. इस मामले में उस पर कार्रवाई होनी चाहिए. मामले को लेकर एडीएम सिटी ने जांच कर उचित कार्रवाई की बात कही है.