आगरालीक्स…आगरा में स्नातक स्तर के द्वितीय सत्र की परीक्षाएं 13 अगस्त से होंगी शुरू. 19 नोडल केंद्र बनाए. परीक्षा समिति की बैठक में लिए गए ये निर्णय
आज बृहस्पति भवन में माननीय कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में परीक्षा समिति की आवश्यक बैठक संपन्न हुई , जिसमें प्रति कुलपति , कुलसचिव , परीक्षा नियंत्रक , प्रोफेसर संजीव कुमार , प्रोफेसर अनिल वर्मा , प्रोफेसर प्रदीप श्रीधर , प्रोफेसर बृजेश रावत , डॉक्टर सुकेश यादव , डॉक्टर यशपाल सिंह , औटा अध्यक्ष डॉ अनुराधा गुप्ता और महामंत्री डॉक्टर भूपेंद्र चिकारा उपस्थित रहे ।

बैठक में सर्वसम्मति से निम्न निर्णय लिए गए –
1- राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत स्नातक स्तर के द्वितीय सत्र की परीक्षाएं दिनांक 13 अगस्त 2022 से प्रारंभ की जाएँगी ।
2- आगामी द्वितीय सत्र की परीक्षाओं में विद्यार्थियों से शासन द्वारा निर्धारित और माननीय उच्च न्यायालय द्वारा निर्देशित परीक्षा शुल्क ही लिया जाएगा । जिन महाविद्यालयों ने पूर्व निर्धारित परीक्षा शुल्क विद्यार्थियों से ले लिया है उसे वापस किया जाएगा ।
3- परीक्षाओं के संचालन हेतु अभी प्राथमिक रूप से 19 नोडल केंद्रों का निर्धारण किया गया है । नोडल केंद्रों की संख्या आवश्यकतानुसार एक या दो बढ़ाई जा सकती है ।
4- विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में प्रयोग की जाने वाली उत्तर पुस्तिकाएं 1 वर्ष तक संरक्षित की जाएंगी । विश्वविद्यालय शीघ्र ही डिजिटल मूल्यांकन भी प्रारंभ करने जा रहा है ।