आगरालीक्स…आगरा के मानसिक चिकित्सालय का जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने किया निरीक्षण. मरीजों के अधिकारों व सुविधाओं पर जोर दिया. विधिक जागरूकता शिविर भी हुआ
आगरा के मानसिक चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य संथान में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पंकज कुमार—प्रथम ने निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा, आवास, भोजन, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को देखा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के बाद उन्होंने संस्थान में निवासरत मरीजों एवं उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों के मध्य विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया.
शिविर में सचिव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, विधिक अधिकारों तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए उपलब्ध विभिन्न विधिक सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की. उन्होंने बताया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को न्याय तक समान एवं सुलभ पहुंच सुनिश्चित कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है. कार्यक्रम के दौरान संस्थान के निदेशक डॉ. दिनेश कुमार राठौर, अधीक्षक अनिल सिसोदिया तथा संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे. सभी ने विधिक जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया.