आगरालीक्स…आगरा के किशोरपुरा में दुकानदार की पीट—पीट कर हत्या. पांच गिरफ्तार
आगरा के थाना जगदीशपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत किशोरपुरा में एक दुकानदार की पीट—पीट कर हत्या की गई है. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को अरेस्ट किया है जबकि दो फरार है. हत्या की वजह शराब पीने से टोकना बताया गया है. बुधवार रात को दुकानदार ने उसकी दुकान के पीछे शराब पी रहे कुछ आरोपियों को टोका था जिसके बाद आरोपियों ने उसकी पीट—पीट कर हत्या कर दी.दुकान के पीछे शराब पी रहे थे आरोपी
किशोरपुरा पुलिया के पास रहने वाले अशोक कुशवाह की जनरल स्टोर की दुकान है. दुकान के पीछे खाली जगह है जहां अक्सर शराबियों का जमावड़ा बना रहता है. बुधवार रात को कुछ युवक इसकी दुकान के पीछे शराब पी रहे थे. दुकानदार ने जब इनको शराब पीने से टोका तो बहस हो गई. इसके बाद सभी आरोपी वहां से चले गए लेकिन थोड़ी देर बाद वो वापस लौटे और आकर उन्होंने दुकान के अंदर घुसकर तोड़फोड़ करना शुरू कर दी. दुकानदार ने रोका तो उस पर बुरी तरह से हमला कर दिया. इस दौरान अशोक के सिर पर एक डंडा लग गया जिससे वो जमीन पर गिर पड़े. आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग निकले.
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अशोक को एसएन में भेजा गया लेकिन यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपी अनिल, देशदीपक, सदाशिव, हरीओम और एक अन्य को अरेस्ट किया है. वहीं दो हमलावर फरार हैं. पुलिए इनकी तलाश कर रही है.