आगरालीक्स…आगरा के बचपन एवं एकेडेमिक हाइट्स स्कूल में मनाया श्रीकृष्ण नंदोत्सव. नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधाजी के स्वरूप में मोहा मन…कई प्रतियागिताओं का भी हुआ आयोजन
बचपन एवं एकेडेमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, भावना एस्टेट, सिकंदरा में श्रीकृष्ण नंदोत्सव का भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं उनकी माताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आलोक चन्द्र (ब्रेनोब्रेन, दयालबाग) उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित गर्ग एवं निदेशक गुंजन गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार का मानना है कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन चरित्र बच्चों को प्रेम, करुणा, सत्य, कर्तव्यनिष्ठा, साहस एवं सदाचार जैसे जीवन-मूल्यों की प्रेरणा देता है। बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनमें आदर्श चरित्र निर्माण की भावना को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रांगण में जन्माष्टमी एवं नंदोत्सव का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर बच्चों एवं माताओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न रूपों को आकर्षक वेशभूषा एवं मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों ने श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों एवं रूपों को बेहद प्रभावी और सुंदर ढंग से प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। माताओं के लिए आयोजित मटकी सजावट प्रतियोगिता में माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए मटकियों को विभिन्न आकर्षक एवं सुंदर डिजाइनों से सजाया। प्रतियोगिता में माताओं की सृजनात्मकता और उत्साह देखने को मिला।
नंदोत्सव की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के विजेता
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता – Play Group– प्रथम – वेदा गोयल, द्वितीय – मान्या बंसल, तृतीय – आयान शिवहरे
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता – Nursery – प्रथम – नायला खान, द्वितीय – सानवी श्रीवास्तव, तृतीय – त्रिशिका यादव
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता – LKG – प्रथम – अनायरा भार्गव, द्वितीय – लाविश्का अगरवाल, तृतीय चिरायु वैश
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता – UKG – प्रथम – याशिका कौर, द्वितीय – वृंदा शर्मा , तृतीय – एकाग्र गौतम

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य मोहित गर्ग एवं निदेशक गुंजन गर्ग ने सभी बच्चों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दीप्ति चौहान (कोऑर्डिनेटर), परनिता निगम (काउंसलर) एवं सभी कक्षा अध्यापिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय परिवार की ओर से सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को हार्दिक बधाई दी गई तथा उनके उत्साह, रचनात्मकता एवं समर्पण की सराहना की गई। श्रीकृष्ण नंदोत्सव का यह आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं जीवन-मूल्यों के प्रति रुचि एवं जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का एक सुंदर प्रयास रहा।