आगरालीक्स…आगरा के खाटू श्याम मंदिर में मनाया श्रीराम का जन्म उत्सव. अवध के मंगल गीतों पर झूमे आगरावासी
जन्मे हैं रघुरैया अवध में बाजे आज बधाइयां…जैसे गीत थे और खाटू नरेश के दरबार में सजा था श्री राम चंद्र जी का दरबार। जय जयकार गूंज रही थी जय श्री राम की और महिला− पुरुष गाये जा रहे थे भये प्रकट कृपाला, दीन दयाला…जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में बुधवार को श्री राम नवमी की धूम रही।
पुरुषाेत्तम मास के अवसर पर मंदिर में चल रहे मनोरथ में राम नवमी उत्सव धूम धाम के साथ मनाया गया। यजमान सोम कुमार मित्तल और उमा मित्तल थे। आगरावासियों अवधवासियों की भांति ही अपने राम लल्ला के जन्म का उत्साह झलक रहा था। महिलाएं उमड़− उमड़ कर श्री राम जी, सीता माता, लक्ष्मण जी और श्री हनुमान जी के स्वरूपों की बलइयां लिये जा रही थीं तो पुरुष जय श्री राम, के जयकारों पर आनंदित हो रहे थे। पंडित योगेश उपाध्याय ने राम नवमी के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि असत्य पर सत्य की जीत के लिए आदर्श रूप में अवतरित हुए थे श्री नारायण। हर रिश्ते में मर्यादाएं क्यों आवश्यक हैं इसका संदेश भी में राम अवतार में दिया गया। मंदिर परिसर को फूलों और गुब्बारों के साथ धनुष बाण से भी सजाया गया था। 10 अगस्त को बल्देव छठ उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर आशीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, अनिल मित्तल, नितेश अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।