आगरालीक्स…इन तीन बदमाशों को स्केच देखें…एक्सप्रेस वे होकर कार से दिल्ली—नोएडा जा रहे हैं तो इनसे अलर्ट रहें. पढ़ें पूरी खबर
आप यदि यमुना एक्सप्रेस वे होकर आगरा से दिल्ली या नोएडा कार से जा रहे हैं तो इन बदमाशों के स्केच को ध्यान से देख लें. एक्सप्रेस वे पर चलती कारों में पत्थर मारकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले इस गैंग के तीन बदमाशों के स्केच पुलिस ने जारी किए हैं. पुलिस इस गैंग की तलाश में पिछले कई दिनों से लगी हुई है. रातभर एक्सप्रेस वे पर चेकिंग की जा रही है और पुलिसकर्मी छुपकर निगाह रखे हुए हैं.
इसके अलावा टोल पर एनाउंसमेंट भी किया जा रहा है. अनाउंसमेंट को जरूर सुने. ये अनाउंसमेंट एक चेतावनी है जिसमें यात्रियों को अनजाने बदमाशों के गैंग से सतर्क होने के लिए कहा जा रहा है. इसमें यात्रियों को बताया जा रहरा है कि अगर रास्ते में कोई पत्थर गाड़ी में लगे या कोई आवाज आए तो गाड़ी को न रोकें. पिछले दिनों रात के समय यमुना एक्सप्रेस वे पर लगातार दो ऐसी ही वारदातों को अंजाम दिया गया है जिसमें बदमाशों द्वारा कार पर पत्थर मारा जाता है. जब कार चालक ने कार को रोकी तो वहां आए बदमाशों ने उन्हें लूट लिया. लगातार दो घटनाओं के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है. मथुरा के एसएसपी खुद रात के समय कॉम्बिंग कर रहे है और इनका मकसद सिर्फ एक ही है लुटेरे बदमाशों को धर दबोचना.

जगह—जगह पुलिस तैनात
90 किमी. के एक्सप्रेस वे के दायरे पर इस अनजाने लुटेरों के गैंग को पकड़ने और उन पर निगरानी रखने के लिए 150 जवान तैनात किए गए हैं. कई पुलिसकर्मी पेड़ पर चढ़कर पूरी रात निगरानी कर रहे हैं तो कई सिविल ड्रे में तैनात हैं. ये हथियार और दूरबीन से लैस हैं.
मथुरा के एसएसपी शैलेश पांडे खुद सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं. बुधवार रात को उन्होंने खुद कॉम्बिंग की. और इस दौरान रात को कई गाड़ियों को रुकवाकर चेकिग भी की गई. एसएसपी ने बताया कि पुलिस दो मॉडयूल पर काम कर रही है पहला जो लूट की वारदात हुई है उनका जल्द से जल्द खुलासा करना और दूसरा एक्सप्रेस वे पर कोई और वारदात न हो. उन्होंने कहा कि कई बार बदमाश पुलिस की वर्दी या गाड़ी को देखकर रास्ता बदल लेते हैं. इसके लिए करीब 20 पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में उन जगहों पर पेड़ों पर तैनात किया गया है जो सबसे ज्यादा सूनसान हैं और सेंसेटिव हैं.