आगरालीक्स..(Agra News 9th March 2022 ). आगरा में एमजी रोड पर स्लीपर कोच बस में लगी आग, आग की लपटें तेज होने पर बस में यात्रियों को बाहर निकाला गया, कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गई। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार रात को एमजी रोड पर कलेक्ट्रेट के सामने स्लीपर कोच बस के आगे के हिस्से से धुआं उठने पर चालक ने बस को रोक दिया। कुछ ही देर में बस से आग की लपटें उठने लगी, स्थानीय लोगों ने बस में बैठे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और कुछ ही देर में बस पूरी खाली हो गई। इसी बीच आग की लपटें तेज होती गई, बस के आगे के हिस्से से आग की लपटें उठने लगी, स्थानीय लोगों के साथ पुलिस भी पहुंच गई। दमकल कर्मियों को बुलाकर आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बस में सवार यात्री बाल बाल बचे
स्लीपर कोच बस पर चौधरी लिखा हुआ है, बताया जा रहा है कि बस चौधरी ट्रांसपोर्ट धौलपुर की है और बस में यात्री बैठे हुए थे, इसी दौरान बस के आगे के हिस्से में आग लग गई। समय रहते ही यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया, यात्री बाल बाल बच गए।
एमजी रोड पर रोके वाहन
बस से आग की लपटें तेज होने पर वाहनों को रोक दिया गया, दमकल कर्मी भी पहुंच गए। एमजी रोड पर दूसरी साइट में दमकल की गाड़ी को खड़ी कर दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। बस से धुआं निकल रहा है।
मथुरा में बस में आग लगने से एक की हो चुकी है मौत
मथुरा में बस स्टैंड पर रोडवेज बस में आग लगने से पिछले दिनों अलीगढ़ निवासी एक यात्री की मौत हो गई थी। बस में कुछ ही देर में आग फैल गई थी, इससे पीछे की सीट पर बैठा यात्री बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया।